TPCC New President: तेलंगाना के लिए कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बी. महेश कुमार गौड़ को नियुक्त किया है। इससे पहले यह पद रेवंत रेड्डी के पास था जो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सीएम बने हैं। उसके बाद से ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के बदलने की बात कही जा रही थी, जिसपर शुक्रवार को फैसला हुआ है।
कांग्रेस की ओर से घोषणा
एआईसीसी महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गौड़ को तत्काल प्रभाव से तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी निवर्तमान पीसीसी अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी के योगदान की सराहना करती है।
कौन है महेश कुमार गौड़
महेश कुमार गौड़ ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत NSUI से की और बाद में वे 90 के दशक में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष रहे और कांग्रेस पार्टी में विभिन्न पदों पर रहे। उन्होंने कम उम्र में 1994 के विधानसभा चुनाव में डिचपल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और हार गए। महेश कुमार ने 2013 से 2014 तक आंध्र प्रदेश राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। महेश कुमार ने 2014 के विधानसभा चुनावों में निजामाबाद शहरी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े, लेकिन यहां भी हार गए। बाद में उन्होंने पीसीसी सचिव, प्रवक्ता और पीसीसी महासचिव के रूप में काम किया।
कांग्रेस में बढ़ते गया कद
महेश कुमार गौड़ को 26 जून 2021 को टीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया और बाद में 10 दिसंबर 2022 को टीपीसीसी राजनीतिक मामलों की कार्यकारी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया। महेश कुमार गौड़ ने पार्टी कैडर और नेताओं के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनावों में निजामाबाद शहरी सीट के लिए एक मजबूत आकांक्षी थे, उन्हें पूर्व मंत्री मोहम्मद अली शब्बीर के लिए अपनी सीट का त्याग करने के लिए राजी किया गया था। इसके बाद बोम्मा महेश कुमार गौड़ ने विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य का चुनाव निर्विरोध जीता।
