देश

दिल्ली में कल से लागू होगी आयुष्मान योजना, पहले चरण में 2.6 लाख लोगों की सूची, 2.34 लाख लोगों को मिलेंगे कार्ड

दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि योजना की शुरुआत के पहले दिन 400 से 500 लाभार्थियों को कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष काउंटर और वेबसाइट शुरू की जाएगी।

Image

दिल्ली में गुरुवार 10 अप्रैल से लागू होगी आय़ुष्मान भारत योजना

Ayushman Bharat Scheme in Delhi: राजधानी दिल्ली में आयुष्मान योजना की शुरुआत गुरुवार से की जा रही है। यह योजना उन लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित थे। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि पहले चरण में अंत्योदय योजना और अन्य पात्रता वाले करीब 2 लाख 60 हजार लोगों की सूची बनाई गई है। इनमें से पहले 40 से 42 दिनों में लगभग 2.34 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण की शुरुआत होगी।

पहले दिन 400 से 500 लाभार्थियों को मिलेंगे कार्ड

उन्होंने अरविंद केजरीवाल की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, यह दिल्ली वालों के लिए बहुत जरूरी योजना थी, जिसे पिछली सरकार ने रोक कर रखा था। हम इसे अब शुरू कर रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद तक यह लाभ पहुंच सके। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि योजना की शुरुआत के पहले दिन 400 से 500 लाभार्थियों को कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष काउंटर और वेबसाइट शुरू की जाएगी। लोगों को पंजीकरण की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी, ताकि उन्हें ज्यादा भटकना नहीं पड़े।

गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही कार्ड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह योजना सिर्फ उन्हीं तक पहुंचे, जो इसके वास्तविक हकदार हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. पंकज सिंह ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दिल्ली के हर पात्र नागरिक तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा और यह दिल्ली की जनता के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे खासकर गरीबों को बड़ी राहत मिलेगी, जो इलाज नहीं करा पाते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article