Astha Special Train For Ayodhya: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर लोगों भारी उत्साह है। देशभर से श्रद्धालु रामनगरी पहुंचेंगे, इस बात तो ध्यान में रखकर रेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। देश के सभी जोनल रेलवे क्षेत्र से अयोध्या के लिए ट्रेनें चलाई जाएंगी। सभी जोनल रेलवे को रेलवे बोर्ड ने स्पेशल ट्रेन के संचालन से जुड़ी जानकारी साझा की है। इसका नाम आस्था स्पेशल ट्रेन रखा गया है।
देश से कोने-कोने से अयोध्या के लिए चलेंगे स्पेशल ट्रेनें।
रेल मंत्रालय ने IRCTC को सौंपी जिम्मेदारी
आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को देखते हुए शुरू किया जा रहा है। वित्त निदेशालय की सहमति के बाद रेलवे बोर्ड ने इस स्पेशल ट्रेन को चलाने की जानकारी देश के सभी जोनल रेलवे को दी है। रेल मंत्रालय ने आस्था स्पेशल ट्रेन को चलाने का जिम्मा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) को दिया है।
सभी रेलवे जोनल को भेजा गया पत्र
पूर्व मध्य रेल सहित देश के सभी रेलवे जोनल के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक व सभी क्षेत्रीय रेलवे जोनल को रेलवे बोर्ड के पैसेंजर मार्केटिंग डायरेक्टर विपुल सिंघल ने पत्र भेजा है। इस पत्र में लिखा है कि आस्था स्पेशल ट्रेन जिस रेलवे जोनल से गुजरेंगी, उसकी मॉनिटरिंग नजदीक के जोनल रेलवे के अधिकारी करेंगे।
आईआरसीटीसी द्वारा जारी किए जाएंगे टिकट
इन आस्था स्पेशल ट्रेनों के टिकट सीधे आईआरसीटीसी द्वारा जारी किए जाएंगे। इसकी बुकिंग IRCTC टूरिस्ट पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। ट्रेन की प्रोफाइल पीआरएस डेटाबेस में नहीं दिखेगी। इसकी बुकिंग के दौरान यात्रियों के विवरण के साथ उनके किसी रिश्तेदार के आपातकालीन संपर्क नंबर की भी जानकारी देनी होगी।
तीन कोच पर छह बर्थ रहेगा रिजर्व
आईआरसीटीसी के कर्मचारियों के लिए आस्था स्पेशल ट्रेनों में सीटें रिजर्व रखी जाएंगी। प्रत्येक तीन कोच पर फ्री छह बर्थ की सुविधा दी जाएगी। आईआरसीटीसी के कर्मचारियों को इन ट्रेनों में खानपान सेवाओं के वितरण एवं परिवहन के लिए कोई पैसे नहीं लगेगा।
