देश

सैन्य अधिकारियों पर हमला: जंगल में तेज म्यूजिक की आवाज सुन मौके पर पहुंचे थे आरोपी, फिर दिया जघन्य वारदात को अंजाम

विंध्याचल पर्वतमाला पर स्थित जाम गेट जंगलों से घिरा है। बारिश के मौसम में इस जगह दिन में सैलानियों का तांता लगा रहता है, लेकिन रात घिरते ही वहां सन्नाटा पसर जाता है।

Image

इंदौर में आर्मी अफसरों पर हमले का मामला

Photo : ANI

Attack on Army Officers in Indore: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में दो महिला मित्रों के साथ पिकनिक मना रहे दो युवा सैन्य अधिकारियों पर हमला मामले की जांच कर रही पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि छह आरोपी सुनसान इलाके में तेज आवाज में संगीत बजने के कारण इन लोगों के पास पहुंचे थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हितिका वासल ने संवाददाताओं को बताया कि दोनों सैन्य अधिकारी अपनी दो महिला मित्रों के साथ मंगलवार रात 11 बजे से घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इस समूह पर हमले की वारदात मशहूर पर्यटक स्थल जाम गेट के पास मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को हुई। यह जगह महू सैन्य छावनी से लगभग 30 किलोमीटर दूर है।

जाम गेट जंगलों से घिरा

विंध्याचल पर्वतमाला पर स्थित जाम गेट जंगलों से घिरा है। बारिश के मौसम में इस जगह दिन में सैलानियों का तांता लगा रहता है, लेकिन रात घिरते ही वहां सन्नाटा पसर जाता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारों लोग तेज आवाज में संगीत सुन रहे थे। देर रात सुनसान इलाके में लगातार तेज आवाज में बजता संगीत सुनकर छह आरोपी मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। वासल ने बताया कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर उन लोगों को धमकाया, जबकि अन्य आरोपियों के पास डंडे थे।

बंधक बनाकर 10 लाख रुपये मांगे

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने मारपीट करते हुए एक युगल को बंधक बनाया और दूसरे युगल से कहा कि बंधकों को तभी छोड़ा जाएगा, जब वे उन्हें 10 लाख रुपये लाकर देंगे। वासल ने कहा कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी पुलिस की गाड़ी की हेडलाइट देखकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छह नामजद आरोपियों में से तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस के दल अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन फरार आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और उनमें से प्रत्येक की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

तीन आरोपी पुलिस हिरासत में, सदमे में युवती

वासल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो स्थानीय अदालत के आदेश पर 16 सितंबर तक पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में एक युवती के साथ दुष्कर्म का भी आरोप है। इस आरोप की जांच की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वारदात के बाद से सदमे में चल रही युवती फिलहाल अपना बयान दर्ज कराने को राजी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस युवती का बयान लेने का प्रयास कर रही है और कथित दुष्कर्म के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया पर कयासबाजी

सैन्य अधिकारियों और युवतियों की एक-दूसरे से पहचान कैसे हुई थी, इस बारे में सोशल मीडिया पर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। इस बीच, पुलिस के एक अफसर ने इस बात को अफवाह करार दिया कि सैन्य अफसर और युवतियां डेटिंग ऐप के जरिये एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। (भाषा इनपुट)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!