Delhi Politics: दिल्ली में जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सियासत जारी है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आप नेत्री और जल मंत्री आतिशी के अनशन पर बड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा 'मुझे लगता है कि आतिशी का अनशन उनकी ही सरकार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ है, क्योंकि राजधानी में आम आदमी पार्टी की ही सरकार है और उसकी ही जल मंत्री आतिशी अनशन पर बैठ गईं हैं।'
मनोज तिवारी ने आतिशी पर लगाया गंभीर आरोप
उन्होंने आतिशी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि, जब वो अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने की सुगबुआहट सुनती हैं, तो अनशन पर बैठ जाती हैं। इन सबके पीछे बहुत कुछ चल रहा है। आप सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा मनोज तिवारी ने कहा कि अगर आप से काम नहीं हो पा रहा है तो सरेंडर कर दो। इसके 15 दिन के अंदर टैंकर माफियाओं पर चोट लगेगी और पानी जिनके हक में है उन्हें मिलने लगेगा।
हर चीज का दोष BJP पर लगा देते हैं आप नेता
भाजपा सांसद ने कहा कि पहले दिल्ली नगर निगम भाजपा के पास था, इसलिए वो हम पर हर चीज का दोष लगा दिया करते थे। अब एमसीडी, दिल्ली सरकार, जल बोर्ड और डीटीसी सभी आप के पास है इसलिए अब कोई बहाना नहीं चलेगा। अब चाहे अनशन पर बैठो या कुछ भी करो, अगले पांच महीने में दिल्ली की जनता आप को स्थायी रूप से जमीन पर बैठा देगी।
'594 वोकेशनल शिक्षकों को नौकरी से निकाला'
मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार का कोई ऐसा सेक्टर नहीं है जहां लोग दुखी न हों। डीटीसी कर्मचारी, वोकेशनल टीचर्स, गेस्ट टीचर्स सभी आप की सरकार से परेशान हैं। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने 594 वोकेशनल शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि वो हमारे पास आए हैं और हमने उनकी समस्या को उप राज्यपाल वीके सक्सेना तक पहुंचाया है। एलजी ने उनकी सारी बातों को ध्यान से सुना और समाधान का आश्वासन दिया है। अब दिल्ली की जनता भाजपा की सरकार को मौका देने जा रही है, इसके बाद सारी समस्या हल हो जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
