नगालैंड के सुखोवी इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां असम राइफल्स (Assam Rifles) के वाहनों को निशाना बनाकर एक संदिग्ध आईईडी (IED) ब्लास्ट किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस भीषण धमाके में असम राइफल्स का 1 जवान शहीद हो गया है, जबकि 4 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जवान एक SUV में यात्रा कर रहे थे, तभी उस इलाके में गाड़ी पर धमाका हुआ जो असम के साथ अंतर-राज्यीय सीमा के पास है।
सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। मौके पर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को भेजा गया है। संदिग्ध हमलावरों और उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए सुखोवी और उसके आसपास के जंगलों में एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। घायल जवानों को तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस कायराना हमले के पीछे किस उग्रवादी गुट का हाथ है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी कर्नल अमित शुक्ला ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब एक अभियान के तहत जा रहे असम राइफल्स के वाहन को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, जबकि घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन ने अभी तक हताहत हुए जवानों की पहचान उजागर नहीं की है और न ही इस हमले के लिए जिम्मेदार संगठन या लोगों की आधिकारिक पुष्टि की है।
बता दें कि पिछले हफ्ते, मणिपुर के उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफ़ल्स की पेट्रोलिंग टीम पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवान मारे गए थे। इस हमले में कुछ अन्य सैनिक भी घायल हुए थे।
