Himanta Cabinet Expansion: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने शुक्रवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया, जिसमें भाजपा के विधायक रनोज पेगू, अशोक सिंघल, बिस्वजीत दैमारी और असम गण परिषद (AGP) के केशव महंत सहित 12 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार के साथ ही राज्य मंत्रिपरिषद में सदस्यों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी में 'ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर' में आयोजित एक समारोह में विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पबित्रा मार्गेरिटा, असम विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राजग के कई विधायक उपस्थित थे।
नए चेहरों को भी मिली जगह
मंत्रिपरिषद में शामिल नए चेहरों में भाजपा के अश्विनी राय सरकार, नीलिमा देवी और सुशांत बोरगोहेन हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पिछली मंत्रिपरिषद में शामिल अगप नेता महंत को इस बार भी मंत्रिपरिषद में जगह दी गई है।
किस-किस ने ली शपथ?
शपथ लेने वालों में भाजपा के विधायक बिमल बोरा, जयंत मल्ला बरुआ, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और पीजूष हजारिका शामिल हैं। ये सभी नेता शर्मा की पिछली सरकार में मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। राय ने हिंदी में शपथ ली, जबकि शेष अन्य ने असमी भाषा में शपथ ली।
टाइम्स नाउ नवभारत में ये भी पढ़ें: 'ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट रक्षा से जुड़ा नहीं', राहुल ने 16 मिनट का बनाया VIDEO; मोदी सरकार पर बिजनेसमैन को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप
अब असम मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित कुल 17 सदस्य हैं। इससे पहले चार अन्य मंत्रियों ने 12 मई को शपथ ली थी, जिनमें अगप के अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो तथा भाजपा की तरफ से अंजता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल थे।
मंत्रिपरिषद में दो महिलाओं को भी मिली जगह
नई मंत्रिपरिषद में भाजपा के 13, अगप के दो और बीपीएफ से एक मंत्री शामिल हैं। नियोग और नीलिमा देवी मंत्रिपरिषद में दो महिला मंत्री हैं, तथा महिला मंत्रियों की संख्या पिछली मंत्रिपरिषद के समान ही है।
विस्तारित मंत्रिपरिषद कई जातीय समुदायों और भौगोलिक क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। बराक घाटी से दो प्रतिनिधि, कौशिक राय और कृष्णेंदु पॉल हैं, जबकि बीपीएफ के बोरो और भाजपा के दैमारी बोडो समुदाय से हैं। पेगु जहां मिसिंग जनजाति से हैं, वहीं राय सरकार कोच राजबोंगशी जनजाति से और बोरगोहेन अहोम समुदाय से हैं।
बोरगोहेन और बोरा जहां ऊपरी असम से हैं, वहीं सिंघल राज्य के उत्तरी भाग से, पीजूष हजारिका मध्य असम से और मल्ला बरुआ निचले असम से हैं। शर्मा ने 12 मई को चार मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य के विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट जीती थीं। इनमें भाजपा को 82 सीट मिली थीं, जबकि उसकी सहयोगी अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट पर जीत दर्ज की थी।
