देश

त्योहारी सीजन में रेलवे की व्यवस्था देखने खुद ट्रेन में सवार हुए अश्विनी वैष्णव, यात्रियों से की बात, सीटों की कमी को बताया गलत

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 16, 2023, 10:39 PM IST

वैष्णव के मुताबिक, त्यौहारी मौसम की शुरुआत से अब तक 36 लाख लोग रेलगाड़ियों से सफर कर चुके हैं और यह संख्या पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है।

Image

ट्रेन में यात्रियों से मिलते हुए रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव

Photo : ANI

त्योहारी सीजन में ट्रेनों की टिकटों के दाम बढ़ने, सीटों की संख्या कम होने, कम ट्रेने चलाने के आरोपों के बीच रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव आज नई दिल्ली पहुंचे और यात्रियों से बात की। खुद ट्रेन में सवार हुए और रेलवे की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीटों की खबर गलत है, रेलवे इस साल ज्यादा सीटें उपलब्ध करा रहा है।

रेलगाड़ियों के 6754 अतिरिक्त फेरे

रेल मंत्री ने गैर-एसी कोच का विकल्प चुनने वाले यात्रियों के लिए सीटों की कमी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि पिछले साल की तुलना में इस त्यौहारी मौसम में विशेष रेलगाड़ियों के फेरों की संख्या में लगभग तीन गुना वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि इस त्यौहारी मौसम में यात्रियों की भारी संख्या को दखते हुए रेलवे द्वारा एक अक्टूबर से 31 दिसंबर के बीच रेलगाड़ियों के 6,754 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 2,614 थी। मंत्री ने बताया कि अब तक रेलगाड़ियों द्वारा 2,423 फेरे लगाए जा चुके हैं और आगामी दिनों में शेष फेरे लगाए जाएंगे।

36 लाख लोग कर चुके हैं सफर

वैष्णव के मुताबिक, त्यौहारी मौसम की शुरुआत से अब तक 36 लाख लोग रेलगाड़ियों से सफर कर चुके हैं और यह संख्या पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है। वैष्णव ने उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें रेलगाड़ियों में स्लीपर कोचों की कम संख्या के कारण गैर-वातानुकूलित सीट का चयन करने वाले यात्रियों को परेशानी की बात कही गई है।

बढ़ाई जाएगी यात्री क्षमता

अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि वह रेलवे की यात्री क्षमता मौजूदा 800 करोड़ से बढ़ाकर 1,000 करोड़ करने के लिए अगले चार-पांच वर्षों में 3,000 नई ट्रेनें शुरू करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article