देश

AIMIM ने SIR में मदद के लिए तैयार किया ऐप, ओवैसी बोले- लास्ट डेट का न करें इंतजार, 20 जुलाई तक फॉर्म करें जमा

Telangana SIR: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि पार्टी ने हैदराबाद के मुस्लिम युवा की मदद से एक ऐप तैयार किया है, जिसे मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहायता देने के लिए बनाया गया है।

Image

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी (फाइल फोटो)

Telangana SIR: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को लोगों से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास के तहत गणना प्रपत्र अंतिम तिथि से काफी पहले जमा करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया नागरिकता से जुड़ी हुई है।

ओवैसी ने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एआईएमआईएम ने हैदराबाद के मुस्लिम युवा की मदद से एक ऐप तैयार किया है, जिसे मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहायता देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा, ''...हम आपकी मदद कर रहे हैं, ताकि आपके लिए एसआईआर प्रपत्र भरना आसान हो जाए, क्योंकि हम जानते हैं कि यह प्रक्रिया नागरिकता से जुड़ी हुई है।''

'20 जुलाई तक जमा करें फॉर्म'

ओवैसी ने मतदाताओं को सलाह दी कि वे 24 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय 20 जुलाई तक अपने फॉर्म जमा कर दें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) पर बड़ी संख्या में फॉर्म निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने का भारी दबाव रहेगा। तेलंगाना में एसआईआर अभ्यास के तहत घर-घर जाकर गणना का काम 25 जून से शुरू हुआ था और यह 24 जुलाई तक चलेगा।

ओवैसी ने धार्मिक कट्टरता से जुड़े विमर्श पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया, ''क्या धर्म के मार्ग पर चलना कट्टरता है?'' एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि वास्तविक कट्टरता भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या और ट्रेन में दाढ़ी रखने वाले लोगों पर हमले जैसी लक्षित हिंसा की घटनाओं में दिखाई देती है, लेकिन सरकारें इन्हें नजरअंदाज करती हैं।

उन्होंने कहा, ''मुसलमान कट्टरपंथी नहीं बनते और जो कट्टरपंथी बनते हैं, उनका धर्म से कोई संबंध नहीं होता।'' ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या मस्जिदों को तोड़ना या उनका स्वरूप बदलना कट्टरता नहीं है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान कम बारिश को देखते हुए एआईएमआईएम 26 जुलाई को वर्षा की कामना के लिए विशेष नमाज अदा करेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article