देश

संभल हिंसा पर असदुद्दीन ओवैसी का आया बयान, बोले- 'जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हो कार्रवाई'

असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले में चल रही हिंसा पर प्रतिक्रिया दी। असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तुझ को कितनों का लहू चाहिए ऐ अर्ज़-ए-वतन?

Image

संभल हिंसा पर आया असदुद्दीन ओवैसी का बयान

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार सुबह शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में 3 लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने कई वाहनों में आग लगा दी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इस घटना पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले में चल रही हिंसा पर प्रतिक्रिया दी। असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तुझ को कितनों का लहू चाहिए ऐ अर्ज़-ए-वतन? जो तिरे आरिज-ए-बे-रंग को गुलनार करें। कितनी आहों से कलेजा तिरा ठंडा होगा, कितने आंसू तिरे सहराओं को गुलज़ार करें। संभल में पुर-अमन एहतिजाज करने वालों पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा फायरिंग करने कि हम कड़ी निंदा करते हैं, पुलिस की फायरिंग में तीन नौजवानों की मौत हुई है।

15 लोगों को लिया गया हिरासत में

असदुद्दीन ओवैसी ने आगे कहा कि अल्लाह से दुआ है के अल्लाह मरहूमीन को मगफिरत अदा करे और उनके घर वालों को सब्र ए जमील अदा करे। इस हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जो अफसर जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि संभल में रविवार सुबह शाही जामा मस्जिद के कोर्ट के आदेश पर हुए सर्वेक्षण के कारण स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पथराव में लगभग 20 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मुरादाबाद के कमिश्नर आंजनेय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कोर्ट के आदेश पर रविवार को सुबह सात बजे से सुबह 11 बजे तक जामा मस्जिद का सर्वे होने था। कोर्ट के आदेश पर एडवोकेट कमिश्नर के नेतृत्व में सर्वे की टीम यहां आई थी। टीम के साथ पर्याप्त सुरक्षा बल भी था। डीएम और पुलिस अधीक्षक भी साथ थे।

टीम सर्वे करने जामा मस्जिद पहुंची। शुरुआत में सब कुछ ठीक था। लगभग दो घंटे सर्वे हुआ। उसी दौरान वहां पर भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में लोग कुछ नारे लगाने लगे। थोड़ी देर बाद वहां पर पथराव शुरू हो गया। हालांकि, भीड़ मस्जिद परिसर तक नहीं जा पाई। पुलिस ने भीड़ को दूर किया। 11 बजे के बाद जब टीम सर्वे करने के बाद निकली तो लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इस समय स्थिति कंट्रोल में है। अभी तक 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें