Asaduddin Owaisi On Partition: एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुजरात के लिंबायत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश के बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को जमकर घेरा। ओवैसी ने कहा कि अक्सर मुसलमानों पर विभाजन का आरोप लगाया जाता है, जबकि ऐतिहासिक तथ्य इसके विपरीत हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक घटना के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस के तत्कालीन शीर्ष नेतृत्व को उत्तरदायी ठहराया।
मौलाना आजाद की किताब का दिया हवाला
अपने संबोधन में ओवैसी ने स्वतंत्रता सेनानी और भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की पुस्तक 'इंडिया विन्स फ्रीडम' का जिक्र करते हुए कई महत्वपूर्ण दावे किए।
ओवैसी ने कहा कि मौलाना आजाद ने अपनी किताब में साफ तौर पर लिखा है कि वे गांधी जी और नेहरू जी के पास गए थे और उनसे हाथ जोड़कर गुहार लगाई थी कि भारत का विभाजन न होने दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का आम मुसलमान कभी भी देश का बंटवारा नहीं चाहता था। ओवैसी ने सवाल उठाया, "क्या कांग्रेस पार्टी उन लोगों में शामिल नहीं है जो विभाजन के लिए जिम्मेदार थे?"
ओवैसी ने कांग्रेस-टीएमसी पर साधा निशाना
असदुद्दीन ओवैसी ने खुद पर लगने वाले 'बीजेपी की बी-टीम' के आरोपों का करारा जवाब देते हुए विपक्षी दलों और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए सवाल किया कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जहां उनकी पार्टी मात्र 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहां कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट जैसी बड़ी पार्टियां बाकी की 270 से अधिक सीटों पर बीजेपी को क्यों नहीं हरा पातीं?
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी पर उंगली उठाने के बजाय विपक्षी दलों को अपनी जीत सुनिश्चित करनी चाहिए। ओवैसी ने समाज को अपना खुद का राजनीतिक नेतृत्व बनाने से रोकने की कोशिशों की भी कड़े शब्दों में निंदा की।
