देश

जेल से सरकार चलाएंगे अरविंद केजरीवाल! AAP की मीटिंग में विधायकों का आग्रह- गिरफ्तार होने के बाद भी CM कुर्सी रखें अपने पास

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 6, 2023, 09:33 PM IST

आप के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की हालिया कार्रवाई को लेकर रोष के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार दोपहर को पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई।

Image

आप विधायकों की बैठक

Photo : ANI

दिल्ली शराब नीति घोटाले में ईडी के रडार पर आ चुके दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, जेल जाने के बाद भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहेंगे। आप विधायकों की आज हुई बैठक में केजरीवाल से विधायकों ने ये आग्रह किया है। ईडी, केजरीवाल को पूछताछ के लिए तलब कर चुकी है, इसी मामले में उनके डिप्टी मनीष सिसोदिया जेल में हैं, सांसद संजय सिंह भी गिरफ्तार हो चुके हैं, अब केजरीवाल पर गिरफ्तारी के संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

मीटिंग में क्या हुआ

आप के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की हालिया कार्रवाई को लेकर रोष के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार दोपहर को पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई। बैठक के बाद, दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा कि अगर वह गिरफ्तार होते हैं, तो भी वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, क्योंकि दिल्ली की जनता ने सरकार चलाने के लिए उन्हें जनादेश दिया है।

जेल से चलेगी सरकार

आतिशी ने मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा- "सभी विधायकों ने CM अरविंद केजरीवाल को एक ही बात बोली, कि चाहे भाजपा CM को तिहाड़ में डाल दें, लेकिन फिर भी उन्हें किसी भी हाल में इस्तीफा नहीं देना है। भाजपा के षड्यंत्र को जीतने नहीं देना। लोगों ने वोट किसी विधायक या पार्टी को नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल को दिया। लोगों का भरोसा टूटना नहीं चाहिए। कोर्ट जाएंगे, कोर्ट से परमिशन लेंगे कि कैबिनेट मीटिंग, फाइल्स, अफसरों को जेल में उन तक ले जाएंगे।"

सीबीआई कर चुकी है पूछताछ

केजरीवाल को ईडी ने उसी मामले में तलब किया था, जिसके परिणामस्वरूप इस साल फरवरी में उनके पूर्व डिप्टी मनीष सिसौदिया और 4 अक्टूबर को AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। अप्रैल में, दिल्ली शराब नीति से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने केजरीवाल से लगभग नौ घंटे तक पूछताछ की थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article