देश

'अगर 10 से ज्यादा सीट आ गई तो...'; केजरीवाल ने PM मोदी को दी चुनौती, बोले- दिल्ली भुगत रही षडयंत्र का खामियाजा

Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली की एक अदालत ने कथित शराब नीति घोटाला मामले में शुक्रवार को बरी कर दिया और सीबीआई के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया।

Image

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फोटो साभार: @AamAadmiParty)

Photo : Twitter

Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने का आजाद भारत का सबसे बड़ा षडयंत्र रचा गया है... उन्होंने देखा कि दिल्ली में हमें नहीं हराया जा सकता है, दिल्ली की जनता हमारे काम से बहुत खुश है... जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी और केजरीवाल ईमानदार है, लेकिन मेरी ईमानदारी पर हमला किया गया।

PM मोदी पर बरसे केजरीवाल

इस दौरान, केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया की पत्नी की बीमारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस षडयंत्र का हमारे परिवार ने बहुत भुगता... लेकिन पीएम मोदी और अमित शाह के षडयंत्र का खामियाजा दिल्ली के 3 करोड़ लोग भुगत रहे हैं, उसकी भरपाई कौन करेगा। दिल्ली की सभी सड़कें टूटी हैं, अस्पतालों में दवाईयां मिलना बंद हो गईं, मोहल्ला क्लीनिक बंद की जा रही हैं, यमुना का बहुत बुरा हाल है, एक चीज दिल्ली में इन्होंने ठीक की हो तो बताइए... केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी दफ्तर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यह बात कही।

केजरीवाल ने PM मोदी को दी चुनौती

केजरीवाल ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो दोबारा चुनाव कराकर दिखा दें, अगर 10 से ज्यादा आपकी सीट आ गई तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। दिल्ली की जनता त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा, ''आज देश का युवा, व्यापारी, उद्योगपति दुखी है। अमेरिका आज हमें आंख दिखा रहा है, लेकिन मोदी जी की हिम्मत नहीं है कि उनके खिलाफ कुछ बोल सकें... ''

उन्होंने आगे बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) का मामला खत्म हो गया है। ईडी का मामला सीबीआई के आधार पर था... हम अगले हफ्ते आवेदन करेंगे, फिर ईडी का मामला खत्म हो जाएगा।

कांग्रेस पर भी बरसे केजरीवाल

केजरीवाल ने आगे सवाल किया कि केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया जेल गए, लेकिन क्या रॉबर्ट वाड्रा, राहुल गांधी या सोनिया गांधी जी जेल गईं। उन्होंने कहा कि मामले को हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ले जाना उनका हक है, वो ले जाएं... जिस प्रकार निचली कोर्ट में न्याय हुआ, वैसे ही ऊपरी कोर्ट में भी न्याय होगा। उन्होंने कहा कि मामले में जब कोई सबूत या गवाह है ही नहीं, तो ऊपरी कोर्ट में सबूत और गवाह कहां से लेकर आएंगे।

केजरीवाल के घर के बाहर AAP समर्थकों की भारी भीड़ एकत्रित हुई, जहां से केजरीवाल अपनी गाड़ी में सवार होकर पार्टी दफ्तर की ओर निकल पड़े। इस दौरान उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

केजरीवाल और सिसोदिया बरी

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली की एक अदालत ने कथित शराब नीति घोटाला मामले में शुक्रवार को बरी कर दिया और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। इसके अलावा इस मामले में 21 अन्य आरोपियों को भी बरी कर दिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article