फिदायीन हमलावर तबारक हुसैन ने खोली पाक सेना की पोल, घुसपैठ के लिए मिले थे तीस हजार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2022, 08:31 AM IST

आतंकवाद को रोकने के लिए पाकिस्तान कितना गंभीर है वो इस बात से पता चलता है कि जम्मू कश्मीर में अशांति के लिए वो लगातर घुसपैठ करा रहा है। नौशेरा सेक्टर में जब दो घुसपैठियों को भारतीय फौज ने पकड़ा तो उनमें से एक तबारक हुसैन ने पाकिस्तानी सेना की पोल खोल दी।

फिदायीन हमलावर तबारक हुसैन ने खोली पाक सेना की पोल, घुसपैठ के लिए मिले थे तीस हजार
Photo Credit: ANI

पाकिस्तान अपने आपको अमन पसंद देश कहता है। यह बात अलग है कि उसकी कथनी और करनी में अंतर है। दरअसल 21 अगस्त को राजौरी के नौशेरा सेक्टर में भारतीय फौज ने घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम किया था। घुसपैठ की कोशिश में दो लोग पकड़े गए थे जिसमें एक का नाम तबारक हुसैन है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। तबारक ने पाकिस्तानी फौज के बारे में जो जानकारी दी उसके मुताबिक बंद कमरों में तो उसकी बोल शांति स्थापित करने को लेकर होती है। लेकिन जमीन पर उसके प्रयास किसी और रूप में दिखाई देते हैं।

तबारक ने उगले राज
पाक अधिकृत कश्मीर के रहने वाले तबारक के मुताबिक पाकिस्तानी फौज में कर्नल यूनुस के कहने पर उसने पांच लोगों के साथ घुसपैठ की कोशिश की थी। घुसपैठ करने के लिए उसे तीस हजार रुपए भी मिले थे। जब उससे पूछा गया कि उसने कितने भारतीय पोस्ट की रेकी की थी तो उसका जवाब था कि कम से कम दो से तीन पोस्ट की रेकी करने में वो कामयाब रहा था। तबारक ने बताया कि आम लोगों को भारतीय सीमा में दाखिल होने के लिए उकसाया जाता है, ब्रेन वॉश और पैसे का लालच दिया जाता है। पाकिस्तानी सेना उन लोगों के साथ बुरा व्यवहार करती है जो घुसपैठ के लिए राजी नहीं होते हैं।

21 अगस्त को हुई थी घुसपैठ की कोशिश
सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की तरफ से जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था। आतंकी नौशेरा सेक्टर में भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। पीआरओ रक्षा जम्मू ने बताया कि भारतीय सेना घुसपैठ को रोकने के लिए हमेशा से सतर्क रही है। हाल में घुसपैठ की ज्यादातर कोशिशों को विफल कर दिया गया है। 

End of Article