Indian attacked in Peru: पेरू के कैलाओ में हथियारबंद हमलावरों ने एक बख्तरबंद वाहन को रोककर गोलीबारी की। हमले में भारतीय नागरिक विजय पगरानी (29) और एक महिला मारी मिरांडा (35) घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए सैन मिगुएल स्थित सैन जुडास तादेओ क्लिनिक ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत खतरे से बाहर है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, कम से कम 7 हमलावर तीन से अधिक वाहनों में सवार होकर आए थे। हमलावरों ने एक काले रंग की कार को रास्ते में रोक लिया, जिसमें एक पुरुष और एक महिला सवार थे।
पेरू में भारतीय पर हमला। -फाइल पिक्चर
ब्रीफकेस और सूटकेस लूटने की कोशिश
हमलावरों ने वाहन को घेरकर उसकी खिड़कियों पर गोलियां चलाईं और कथित तौर पर बैग, ब्रीफकेस और सूटकेस लूटने की कोशिश की। वारदात कैलाओ के ला पेर्ला इलाके में सांता रोजा हिल के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। पीड़ितों ने कथित तौर पर बताया कि हमलावर उनके सामान में रखे आभूषण लूटकर ले गए। हालांकि, लूटे गए सामान और हमले के मकसद की पुष्टि जांच के बाद होगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान तथा वारदात में इस्तेमाल वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है।
