देश

जम्मू कश्मीर के कठुआ में दिखे आतंकवादी, सेना ने की इलाके की घेराबंदी, तलाशी अभियान जारी

सुरक्षा बलों को आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद उन्होंने तुरंत इस खतरे को समाप्त करने के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया।

Image

कठुआ में आतंकियों की तलाश (फाइल फोटो)

Anti-Terror Operation In Kathua: जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बानी क्षेत्र के लोवांग और सरथल के ऊंचाई वाले इलाकों में आज सुबह से ही संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी है।

आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि के बारे में सूचना मिली

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद उन्होंने तुरंत इस खतरे को समाप्त करने के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया। इस बीच, जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने भी आज सुबह सांबा जिले के मनोहर गोपाला और शताला कैंप क्षेत्र में कई घंटों तक गहन तलाशी अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र पर नियंत्रण के अभ्यास का हिस्सा था जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

किश्तवाड़ में छठे दिन भी संयुक्त तलाशी अभियान जारी

अधिकारियों ने बताया कि किश्तवाड़ जिले के छतरू के घने जंगलों वाले सिंहपुरा इलाके में मंगलवार को छठे दिन भी संयुक्त तलाशी अभियान जारी है। यह अभियान 22 मई को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के बाद शुरू हुआ था जिसमें एक सैनिक शहीद हो गया था। हालांकि, आतंकवादी घने जंगल और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों का कोई पता अभी नहीं चल पाया है, उनका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article