देश

'एक और जुमला'...राहुल ने केंद्र की ELIS योजना के खिलाफ खोला मोर्चा, पीएम मोदी से पूछे ये सवाल

राहुल ने आरोप लगाया कि योजना की घोषणा किए हुए लगभग एक साल हो गया है, सरकार ने इसे परिभाषित भी नहीं किया है और इसके लिए आवंटित 10,000 करोड़ रुपये वापस कर दिए हैं।

Image

राहुल का पीएम मोदी पर निशाना

Photo : PTI

Rahul Slams PM Modi over ELIS: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को सरकार की 'रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन' योजना (Employment Linked Incentive scheme) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी हर रोज नए नारे गढ़ते हैं, लेकिन युवा अभी भी असली अवसरों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या यह सिर्फ एक और जुमला है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल ने कहा कि 2024 के चुनाव के बाद पीएम मोदी ने हमारे युवाओं को रोजगार देने का वादा करते हुए बहुत धूमधाम से रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना की घोषणा की थी।

राहुल ने पूछा, एक साल हो गए, परिभाषित नहीं किया

उन्होंने आरोप लगाया, योजना की घोषणा किए हुए लगभग एक साल हो गया है, सरकार ने इसे परिभाषित भी नहीं किया है और इसके लिए आवंटित 10,000 करोड़ रुपये वापस कर दिए हैं। यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री बेरोजगारी को लेकर कितने गंभीर हैं। इस पर सरकार की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

राहुल बोले- ऐसे नौकरियां पैदा नहीं की जा सकतीं

राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ बड़े कॉरपोरेट्स पर ध्यान केंद्रित करके, निष्पक्ष व्यापार की बजाय अपने मित्रों को बढ़ावा देकर, उत्पादन की बजाय असेंबली को प्राथमिकता देकर और भारत के स्वदेशी कौशल की अनदेखी करके नौकरियां पैदा नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा, करोड़ों नौकरियां पैदा करने का तरीका एमएसएमई में बड़े पैमाने पर निवेश, निष्पक्ष बाजार जहां प्रतिस्पर्धा पनप सके, स्थानीय उत्पादन नेटवर्क को मदद और सही कौशल से लैस युवाओं के माध्यम से है।

योजना कहां गायब हो गई?

राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री इन विचारों से सहमत नहीं होंगे। लेकिन मैं उनसे सीधे पूछना चाहता हूं: प्रधानमंत्री जी, आपने बहुत दिखावटी ढंग से ईएलआई की घोषणा की - लेकिन 10,000 करोड़ रुपये की यह योजना कहां गायब हो गई? क्या आपने अपने वादों के साथ-साथ हमारे बेरोजगार युवाओं को भी छोड़ दिया है? जबकि आप हर दिन नए नारे गढ़ते हैं, हमारे युवा अभी भी असली अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। भारत को जिन करोड़ों नौकरियों की सख्त जरूरत है, उन्हें पैदा करने के लिए आपकी ठोस योजना क्या है, या यह सिर्फ एक और जुमला है?

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article