Andhra Pradesh Train Derail: आंध्र प्रदेश से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश में दो पैसेंजर ट्रेन में टक्कर हो गई है, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है और 18 लोगों के घायल होने की खबर है। पहले खबर आई थी कि साउथ इंडिया के इस राज्य में एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई है। अब साफ हो गया है कि ट्रेनों में टक्कर के कारण बोगियां पटरी से उतरी हैं।
कौन सी ट्रेन हुई हादसे का शिकार
रेलवे के अधिकारियों के अनुसार विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर ट्रेन और विशाखापत्तनम-रगडा पैसेंजर ट्रेन के बीच पीछे से टक्कर हो गई। हादसे में 3 बोगियां बेपटरी हो गई है। इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है और 18 लोग घायल हो गए हैं। बचाव अभियान जारी है, सहायता और एम्बुलेंस के लिए स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ को सूचित किया गया है। दुर्घटना राहत ट्रेनें घटनास्थल पर पहुंची गईं हैं।
सीएम का आदेश
आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने तत्काल राहत उपाय करने और विजयनगरम के निकटतम जिलों विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली से अधिक से अधिक एम्बुलेंस भेजने और अच्छी चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए आसपास के अस्पतालों में सभी प्रकार की व्यवस्था करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने त्वरित राहत उपाय करने और यह सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व सहित अन्य सरकारी विभागों के समन्वय के आदेश जारी किए हैं कि घायलों को शीघ्र चिकित्सा सेवाएं मिलें।
हो चुके हैं कई ट्रेन हादसे
हाल के दिनों में कई ट्रेन हादसे देखने को मिले हैं। इससे पहले 12 अक्टूबर को, बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली से कामाख्या जाने वाली नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। उससे पहले ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे में 280 लोगों की मौत और हजार के आसपास घायल हुए थे।
