देश

आंध्र प्रदेश के सीएम ने पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात; जानें किन मुद्दों पर हुई बात

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी और तीन केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य की वित्तीय स्थिति पर चर्चा की और विभिन्न मदों के तहत धनराशि जारी करने की मांग की।

Image

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी से की मुलाकात।

CM Chandrababu Naidu Meets PM Modi: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी अलग-अलग मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों एवं परियोजनाओं पर बात की। प्रधानमंत्री आवास पर 30 मिनट की संक्षिप्त मुलाकात के दौरान मोदी और नायडू ने आंध्र प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों और लंबित परियोजनाओं पर चर्चा की।

सीएम नायडू ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात

बैठक में केंद्र सरकार में मंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के वरिष्ठ नेता के. राममोहन नायडू तथा चंद्रशेखर पेम्मासानी के साथ पार्टी सांसद लावू श्रीकृष्ण देवरायलु भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा भी बैठक में उपस्थित थे। तेदेपा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रमुख घटक है। इससे पहले, दिन में नायडू यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजग नेताओं की बैठक में भी शामिल हुए। तेदेपा प्रमुख ने पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुलाकात में राज्य की वित्तीय चुनौतियों पर चर्चा की

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राज्य की प्रमुख परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता मांगी तथा प्रस्तावित आर्सेलर मित्तल इस्पात संयंत्र पर भी चर्चा की। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख नायडू ने 45 मिनट की मुलाकात के दौरान पोलावरम सिंचाई परियोजना और राजधानी शहर अमरावती के विकास के लिए वित्तीय सहायता देने के वास्ते मोदी को धन्यवाद दिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, उन्होंने बताया कि दोनों परियोजनाओं पर काम फिर शुरू हो गया है।

नायडू ने राज्य के सामने मौजूद वित्तीय चुनौतियों पर प्रकाश डाला, जिसमें पिछली सरकार द्वारा 94 केन्द्र प्रायोजित योजनाओं के धन का अन्यत्र इस्तेमाल शामिल है। उन्होंने राज्य के लिए विशेष सहायता का अनुरोध किया। प्रस्तावित आर्सेलर मित्तल इस्पात संयंत्र के संबंध में नायडू ने कच्चे माल की आपूर्ति के लिए केंद्रीय सहायता और शीघ्र मंजूरी का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत’ कार्यक्रम के अनुरूप ‘स्वर्णांध्र विजन-2047’ दस्तावेज प्रस्तुत किया। उन्होंने आगामी शिलान्यास समारोहों और परियोजनाओं के उद्घाटनों की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

सीएम चंद्रबाबू नायडू और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की मुलाकात

सीएम चंद्रबाबू नायडू और गृहमंत्री अमित शाह की मुलाकात

सीएम चंद्रबाबू नायडू और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मुलाकात

नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य की वित्तीय स्थिति पर चर्चा की और विभिन्न मदों के तहत धनराशि जारी करने की मांग की।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article