देश

अमृतपाल की पत्नी किरनदीप ने तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे इस खालिस्तानी नेता के आई थी करीब

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 28, 2023, 12:52 PM IST

किरणदीप ने कहा कि उन्हें अमृतपाल की गतिविधियों से जुड़े जोखिमों के बारे में पता था। किरणदीप ने यह भी बताया कि दोनों के बीच पहली बार बातचीत कैसे शुरू हुई।

Image

अमृतपाल की पत्नी किरनदीप ने तोड़ी चुप्पी

Photo : ANI

Amritpal Singh’s wife Kirandeep Kaur: भगोड़े अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए शुरू की गई पुलिस की मुहिम के बीच खालिस्तानी नेता की पत्नी किरणदीप कौर ने आखिरकार इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। किरणदीप ने अमृतपाल की गतिविधियों का बचाव करते हुए कहा कि वह कुछ भी गलत नहीं कर रहा है और पुलिस ही गलत कार्रवाई कर रही है। अमृतपाल को बेगुनाह बताते हुए किरणदीप कौर ने द वीक अखबार को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उसके पति को पकड़ने के लिए अवैध तरीके से छापेमारी की जा रही है।

Kirandeep Kaur

किरणदीप कौर (Twitter)

किरणदीप ने आगे कहा कि उन्हें अमृतपाल की गतिविधियों से जुड़े जोखिमों के बारे में पता था। किरणदीप ने यह भी बताया कि दोनों के बीच पहली बार बातचीत कैसे शुरू हुई। किरणदीप ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अमृतपाल की एक पोस्ट देखी और उसे मैसेज किया। इंस्टाग्राम पोस्ट में अमृतपाल सिख धर्म को बचाने और अपनी भाषा के प्रचार-प्रसार की बात कर रहा था। किरणदीप ने कहा कि उस समय उन्हें नहीं पता था कि वे शादी करेंगे।

अमृतपाल सिंह-किरणदीप की प्रेम कहानी

किरणदीप कौर ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर अमृतपाल को तारीफ भरे संदेश भेजती थीं और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। अमृतपाल उसके प्रति आकर्षित था क्योंकि ब्रिटेन में अपनी परवरिश के बावजूद वह मांसाहारी भोजन नहीं करती है, शराब नहीं पीती है और दिन में पांच बार प्रार्थना करती है। अमृतपाल सिंह की पत्नी ने कहा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उसने मुझसे शादी इसलिए की क्योंकि वह चाहता था कि मैं किसी जत्थेबंदी (सिख समूह) का हिस्सा बनूं। यहां तक कि मैंने उससे पूछा था कि क्या वह मुझसे शादी करने को लेकर आश्वस्त है क्योंकि मैं उसकी तरह धार्मिक नहीं हूं।

किरणदीप ने अमृतपाल सिंह को एक केयरिंग और अच्छा पति बताते हुए कहा कि वह इस बात को लेकर स्पष्ट था कि अगर उसे मेरे और आंदोलन के बीच चयन करना है, तो वह पंथ को चुनेगा। अमृतपाल को एक आदर्श पति बताते हुए किरणदीप ने कहा कि वारिस पंजाब दे के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने के बाद से उन्हें अमृतपाल के ठिकाने के बारे में पता नहीं है।

अमृतपाल 10 दिनों से फरार

पंजाब पुलिस द्वारा 18 मार्च को जालंधर में अमृतपाल के काफिले को रोकने के बाद से वह अब तक फरार है। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए अमृतपाल सिंह 10 दिनों से मारा-मारा फिर रहा है। अमृतपाल के देश से भाग जाने की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल में हो सकता है, इसे लेकर भारत सरकार ने अलर्ट भी जारी किया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article