देश

Amrit Bharat Train: कम से कम 1,000 अमृत भारत ट्रेन का होगा निर्माण, रेल मंत्री ने बताया सरकार का प्लान

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2024, 05:32 PM IST

Ashwini Vaishnaw On Amrit Bharat Train: अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि आने वाले वर्षों में एक हजार से अधिक अमृत भारत ट्रेन का निर्माण होगा। उन्होंने कहा, 'हमने अमृत भारत डिजाइन किया है, जो एक विश्व स्तरीय ट्रेन है। इसके जरिये केवल 454 रुपये के खर्च पर 1,000 किलोमीटर की यात्रा की जा सकती है।'

Image

अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्री।

Photo : Times Now Digital

Railway News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि भारत आने वाले वर्षों में नई पीढ़ी की कम से कम 1,000 अमृत भारत ट्रेन का निर्माण करेगा और 250 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली ट्रेन बनाने का काम जारी है। वैष्णव ने यह भी कहा कि रेलवे ने पहले ही वंदे भारत ट्रेनों के निर्यात पर काम करना शुरू कर दिया है और आने वाले पांच वर्षों में देश द्वारा पहला निर्यात किये जाने की उम्मीद है।

रेलवे के लिए मोदी सरकार ने बनाया खास प्लान

नरेंद्र मोदी नीत सरकार के पिछले 10 वर्षों में रेलवे द्वारा की गई परिवर्तनकारी पहलों पर उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल - चिनाब पुल - और कोलकाता मेट्रो के लिए नदी के नीचे पहली जल सुरंग रेल क्षेत्र में कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति है।

वैष्णव ने कहा, 'रेलवे का एक बड़ा सामाजिक दायित्व है। हर साल लगभग 700 करोड़ लोग रेलवे से सफर करते हैं। व्यावहारिक रूप से हर दिन ढाई करोड़ लोग रेलवे से सफर करते हैं। किराया संरचना ऐसी है कि यदि एक व्यक्ति को ले जाने की लागत 100 रुपये है, तो हम 45 रुपये लेते हैं। इसलिए हम रेलवे से यात्रा करने वाले हर व्यक्ति को औसतन 55 प्रतिशत की छूट देते हैं।'

454 रुपये खर्च कर 1,000 किलोमीटर की यात्रा

मंत्री ने कहा, 'हमने अमृत भारत डिजाइन किया है, जो एक विश्व स्तरीय ट्रेन है। इसके जरिये केवल 454 रुपये के खर्च पर 1,000 किलोमीटर की यात्रा की जा सकती है।' वैष्णव ने कहा, 'वंदे भारत युवाओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय है। व्यावहारिक रूप से, हर हफ्ते एक वंदे भारत को सेवा में शामिल किया जा रहा है। हम आने वाले कुछ वर्षों में कम से कम 400 से 500 ऐसी ट्रेन का निर्माण करेंगे।'

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article