Amravati sex scandal: अमरावती सेक्स स्कैंडल में मुख्य आरोपी अयान अहमद का एक वीडियो सामने आने के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, इस वीडियो में खुलेआम सड़क पर पुलिसकर्मियों के साथ वह अपना जन्मदिन सेलेब्रेट करते हुए दिखा है। मुख्य आरोपी का यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि महिलाओं को अपनी जाल में फंसाने के लिए अयान सोशल मीडिया में अपनी मौजूदगी और लोकप्रियता का इस्तेमाल करता था। इंस्टाग्राम पर उसके करीब 18,000 फॉलोअर्स हैं। वह पेड प्रमोशन से कमाई करता है। इसके अलावा मोबाइल फोन का भी उसका कारोबार है।
सड़क किनारे केक काटते मुख्य आरोपी का वीडियो
सामने आए इस वीडियो में अयान अहमद को 'बॉस' लिखा हुआ टी-शर्ट पहने और पटाखे फोड़ते देखा जा सकता है। वह सड़क किनारे केक काट रहा है। वीडियो में उस स्थान पर पुलिस कर्मियों की उपस्थिति भी दिखाई दे रही है, जिसमें एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर आरोपी को केक खिलाते हुए और उसे शुभकामनाएं देते हुए नजर आ रहा है। केक काटने के लिए सड़क को भी ब्लॉक किया गया था।
वीडियो में नजर आए पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच
रिपोर्टों के अनुसार, यह वीडियो उसके गिरफ्तारी से सिर्फ कुछ दिन पहले का है। यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नाराजगी काफी बढ़ गई है। अमरावती पुलिस आयुक्त ने वीडियो में देखे गए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। यह विवाद तब सामने आया है जब जांचकर्ता परतवाड़ा मामले में अयान अहमद के खिलाफ गंभीर आरोपों की जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर अपनी सोशल मीडिया उपस्थिति का उपयोग करके युवा महिलाओं को आकर्षित किया, अपने “आधुनिक लुक” और ऑनलाइन लोकप्रियता के माध्यम से उनका विश्वास जीतने का प्रयास किया।
आरोपी ने पीड़ितों की तस्वीरें वायरल कीं
2019 से स्नैपचैट पर सक्रिय और 2022 से इंस्टाग्राम रील्स बनाने वाले अयान ने कथित रूप से एक ऐसा फॉलोइंग बनाया जो उसे पीड़ितों से जोड़ने में मदद करता था। वह उन्हें मिलने के लिए आमंत्रित करता, आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करता और फिर कथित तौर पर उन्हें सार्वजनिक रूप से सामग्री साझा करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने 18 वीडियो और 39 फोटो पीड़ितों की सोशल मीडिया पर वायरल की। मामले की और जांच के लिए 45 सदस्यों की विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, क्योंकि नए विवरण सामने आते जा रहे हैं।
