देश

Maharashtra News: कॉलेज प्रिंसिपल ऑफिस से PM मोदी की फोटो हटाने का आरोप, राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे समेत कई पर FIR दर्ज

पुणे के गणेशखिंड स्थित शासकीय तंत्रनिकेतन कॉलेज में कथित हंगामे के मामले में महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित राज ठाकरे समेत 20-25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। कॉलेज प्रशासन ने बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश, नारेबाजी, धमकाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

राज ठाकरे के बेटे पर PM मोदी की फोटो हटाने का आरोप, अमित ठाकरे समेत कई लोगों पर एफआईआर।

Photo : Times Now Digital

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे स्थित गणेशखिंड के शासकीय तंत्रनिकेतन कॉलेज में कथित हंगामे को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित राज ठाकरे समेत 20 से 25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कॉलेज प्रशासन की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि अमित ठाकरे अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे और बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, कॉलेज के अधिकारी डॉ. राजेंद्र काशीराम पाटील की शिकायत पर चतुःश्रृंगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि 31 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे से 1:15 बजे के बीच अमित ठाकरे अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान बिना अनुमति के कॉलेज के कार्यालय में प्रवेश किया गया। आरोप है कि कार्यालय में लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर निकालकर ले जाई गई।

नारेबाजी और धमकाने का भी आरोप

कॉलेज अधिकारी की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उन्हें और उनके सहयोगियों को धमकाया गया। कार्यालय में रुककर कथित तौर पर जोर-जोर से नारेबाजी की गई और हंगामा किया गया। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

किन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर?

पुलिस ने अमित ठाकरे समेत 20-25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 120 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। चतुःश्रृंगी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उत्तम भजनावळे ने कहा कि मामले की जांच जारी है और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस कॉलेज प्रशासन की शिकायत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कॉलेज परिसर में वास्तव में क्या हुआ और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई क्या है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article