'जो लोग सबरीमाला मंदिर का खजाना नहीं बचा पाए, वो धर्म क्या बचाएंगे', तिरुवनंतपुरम में LDF-UDF पर जमकर बरसे अमित शाह
- Edited by: Piyush Kumar
- Updated Jan 11, 2026, 02:33 PM IST
Amit Shah Kerala Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल दौरे के दौरान एलडीएफ और यूडीएफ सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि केरल में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और 2026 में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। अमित शाह ने सबरीमाला मंदिर सोना चोरी मामले पर भी केरल सरकार को घेरा और सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि केरल के विकास और सुरक्षा के लिए एनडीए सरकार जरूरी है।
तिरुवनंतपुरम में अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया।(फोटो सोर्स: BJP)
Amit Shah Kerala Visit: केरल दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पिनरई विजयन सरकार पर जमकर निशाना साधा है। वहीं, तिरुवनंतपुरम में एक सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह नगर निगम में भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 2014 में हमें 11% वोट मिले थे; 2019 में 16%; और 2024 में 20% अब 20% से 30% और 40% तक का सफर ज्यादा लंबा नहीं होगा और हम इसे 2026 में साबित कर देंगे। हमने यह उपलब्धि पूरे देश में हासिल कर ली है, लेकिन अब केरल की बारी है।
अमित शाह ने आगे कहा कि इस बार केरल में भाजपा का मुख्यमंत्री जरूर चुना जाएगा। केरल में यह बदलाव सिर्फ शहरों तक ही सीमित नहीं है। हमने 30 ग्राम पंचायतें, दो नगरपालिकाएं जीती हैं और हमारे महापौर वर्तमान में तिरुवनंतपुरम में कार्यरत हैं... यह विजय यात्रा हमारे सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के बलिदान के कारण ही संभव हो पाई है जिन्होंने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।
यह विजय सिर्फ हमारा लक्ष्य नहीं: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि विजय हमारा लक्ष्य नहीं है, बल्कि लक्ष्य तक पहुंचने का एक पड़ाव है। हमारा अंतिम लक्ष्य है, कमल निशान की केरल में सरकार बनाना और भाजपा का मुख्यमंत्री लाना है। इसी के साथ शाह ने केरल सरकार को सबरीमाला मंदिर में सोना, खजाना चोरी मामले पर भी घेरा।
अमित शाह ने आगे सबरीमाला मंदिर का जिक्र करते हुए एलडीएफ और यूडीएफ सरकार पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि जो मंदिर का सोना नहीं बचा पाए, वो धर्म क्या बचाएंगे। इसी के साथ उन्होंने सीबीआई जांच की मांग भी की।
केरल में एनडीए सरकार की जरूरत: अमित शाह
अमित शाह ने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य है केरल को पूर्ण विकसित बनाना, केरल को देशविरोधी ताकतों से सुरक्षित करना और केरल में जो सदियों से आस्था की ताकत है, उसकी भी रक्षा करना है। शाह ने दावे के साथ कहा कि केरल के लोग भी मानते हैं कि यूडीएफ और एलडीएफ काम नहीं कर सकते हैं, सिर्फ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ही यह काम कर सकती है।
कम्युनिस्ट पार्टियों की तरह कांग्रेस पार्टी भी खत्म हो रही: अमित शाह
उन्होंने कहा कि मैं आज यहां केरल के लोगों को यह बताने आया हूं कि विकसित भारत का रास्ता विकसित केरल से होकर जाता है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मैं केरल के लोगों से अपील करने के लिए इस कार्यकर्ता सम्मेलन में आया हूं। केरल के भविष्य का रास्ता, चाहे वह विकास हो, सुरक्षा हो, या हमारी मान्यताओं की रक्षा हो, LDF या UDF के जरिए हासिल नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टियां पूरी दुनिया से गायब हो गई हैं, और कांग्रेस पार्टी पूरे देश में खत्म हो रही है। अब केरल के विकास का रास्ता सिर्फ नरेंद्र मोदी के एनडीए के साथ है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।