देश

तहव्वुर राणा को भारत लाने से पहले हलचलें तेज! अमित शाह ने की जयशंकर और डोभाल के साथ बैठक

यह बैठक अमेरिका द्वारा राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की खबरों के बीच हुई, इसलिए माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। राणा पर 26/11 मुंबई हमलों के मामले में भारत में मुकदमा चलाया जाना है।

Image

अमित शाह ने की एस जयशंकर और अजित डोवाल के साथ बैठक

Photo : PTI

Tahawwur Hussain Rana: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के साथ बैठक की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह बैठक मुंबई आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा के अमेरिका से प्रत्यर्पण की खबरों के बीच हुई। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने विदेश मंत्री और एनएसए के साथ बैठक की। बैठक में खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका और विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी मौजूद थे। हालांकि, उन्होंने बैठक में चर्चा किए गए मुद्दों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

राणा को भारत लाने की तैयारी

सूत्र ने कहा कि यह बैठक अमेरिका द्वारा राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की खबरों के बीच हुई, इसलिए माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। केंद्र सरकार की एक मल्टी-एजेंसी टीम पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा को भारत लाने के लिए पहले से ही अमेरिका में है। राणा को भारत प्रत्यर्पित कराकर लाया जाना है ताकि उसपर 26/11 मुंबई हमलों के मामले में यहां मुकदमा चलाया जा सके।

एनआईए की हिरासत में रहेगा राणा

सूत्रों ने बताया कि राणा को दिल्ली लाए जाने की उम्मीद है, जहां वह शुरू में एनआईए की हिरासत में रहेगा, जो कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगा। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसे नियमित उड़ान से लाया जाएगा या विशेष विमान से। उसे लॉस एंजिलिस के महानगर निरुद्ध केंद्र में रखा गया था। राणा को पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से जुड़ा माना जाता है, जो 26/11 हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है।

एफबीआई ने किया था गिरफ्तार

अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने राणा को हमलों के एक साल बाद अक्टूबर 2009 में शिकागो से कोपेनहेगन (डेनमार्क) के एक समाचार पत्र पर हमला करने की असफल योजना में मदद देने और लश्कर-ए-तैयबा को साजो सामान की सहायता करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। राणा को 2011 में इस मामले में दोषी ठहराया गया और 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई। हालांकि, उसे मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने के आरोपों से बरी कर दिया गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article