Delhi Blast: दिल्ली में सोमवार को हुए ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार एक्शन में नजर आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी यह स्पष्ट कर दिया है कि दोषियों को ऐसी कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी कि दुनिया देखेगी। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर गुरुवार की शाम एक बड़ी बैठक आयोजित हुई जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल, आईबी चीफ सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)
'दोषियों को देंगे कड़ी से कड़ी सजा'
इससे पहले अमित शाह ने एक कार्यक्रम में दोषियों को ऐसी कड़ी से कड़ी सजा देने की बात कही जिसे दुनिया भी देखेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी जिससे दुनिया को यह संदेश जाएगा कि किसी को भी फिर कभी इस तरह के हमले के बारे में सोचने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस कायरतापूर्ण कृत्य को अंजाम देने वाले और इसके पीछे जो लोग हैं, उन सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। भारत सरकार और गृह मंत्रालय इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विस्फोट के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
