Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार एक्शन मोड पर है। पाकिस्तान के खिलाफ कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ने के लिए निर्धारित समय सीमा से अधिक समय देश में न रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
PAK के खिलाफ भारत की बड़ी कार्रवाई
भारत सरकार ने गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द करने की घोषणा की और पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द स्वदेश लौटने की सलाह दी। मंगलवार को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
गृह मंत्री ने क्या कुछ कहा?
सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी समय सीमा से अधिक भारत में न रहे। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्रियों को उनके क्षेत्रों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उनका निर्वासन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
सरकार को मिला विपक्ष का साथ
बीते दिनों सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की जिसमें इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक ने 15 मिनट का एक प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा के रामगोपाल यादव, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह सहित अन्य राजनीतिक दलों के सदस्य मौजूद रहे।
सर्वदलीय बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा विपक्ष सरकार के साथ है। सरकार द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई में हमारा पूरा सपोर्ट रहेगा।
