Bihar Political Crisis: बिहार में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। सीएम नीतीश कुमार के रुख के बाद महागठबंधन की सरकार का जाना तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड में सरकार बनाने के लिए डील पक्की हो गई है। नए फॉर्मूल के तहत नीतीश कुमार एनडीए के पुराने मंत्रिमंडल के साथ आगे बढ़ेंगे। वह 28 जनवरी को राजभवन में मुख्यमंत्री पद का शपथ दोबारा ले सकते हैं। सुशील मोदी को डिप्टी सीएम बनना भी तय है।
पशुपति पारस, कुशवाहा, मांझी को दिल्ली बुलाया
बिहार में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली में अमित शाह की एनडीए के घटक दलों के साथ बैठक होने जा रही है। इस बैठक में चिराग पासवान भी शामिल हो रहे हैं। जेडी-यू ने अपने सभी विधायकों को पटना पहुंचने के लिए कहा है। बिहार के एनडीए के सभी सहयोगियों को दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है। पशुपति पारस, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी को दिल्ली बुलाया गया है।
सम्राट चौधरी, रेणु देवी, तार किशोर दिल्ली में
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी दिल्ली में मौजूद हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और तार किशोर प्रसाद भी दिल्ली में मौजूद हैं। बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े भी दिल्ली में पहुंचे हुए हैं। बिहार को लेकर एनडीए के सभी दलों की बैठक गृह मंत्री शाह के आवास पर 4 बजे होनी है। इससे पहले टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीच में चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के सियासी घटनाक्रम पर उनकी नजर है। बीजेपी शीर्ष नेतृत्व से उनकी बात हो रही है, आज दिल्ली में अमित शाह से भी उनकी मुलाकात है।
भाजपा की दिल्ली में गुरुवार को भी हुई बैठक
यह पूछने पर कि क्या चिराग एनडीए में नीतीश का स्वागत करेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हमारी बात चल रही है। बता दें कि नीतीश के एनडीए में वापसी की संभावना को लेकर भाजपा के नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक की। भाजपा के नीतीश कुमार का अपने खेमे में स्वागत करने के लिये तैयार होने को लेकर चर्चाओं के बीच भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी, सुशील मोदी और विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।
