26/11 की बरसी पर पीड़ितों को याद कर भावुक हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका

26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 166 पीड़ितों को याद किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़े रहने की बात कही।

26/11 Mumbai Terror Attack Anniversary: मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले को याद करते हुए भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (US Ambassador Sergio Gor) ने पीड़ितों को श्रद्धांजली दी है। उन्होंने कहा कि इस हमले में जान गंवाने वाले 166 निर्दोष लोगों को आज भी याद किया जाता है। इनमें 6 अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे। सर्जियो गोर ने साफ कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें वे श्रद्धांजली देते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर उन सभी निर्दोष लोगों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई। उन्होंने पीड़ितों को श्रद्धांजलि देते हुए हमले में मारे गए 6 अमेरिकी नागरिकों का भी जिक्र किया।

Ambassador Sergio Gor

मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजली देते अमेरिकी राजदूत सर्जियों गोर (X/@USAmbIndia)

ताज होटल पहुंचकर दी थी श्रद्धांजलि

सर्जियो गोर ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि इस साल की शुरुआत में वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में बने स्मारक पहुंचे थे। यहां उन्होंने 26/11 हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी। इस दौरान उन्होंने भारत के सुरक्षा बलों के साहस और बहादुरी को भी सम्मान दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में आज अपनी ताकत दिखाएंगे ओवैसी-आजाद

आज ही के दिन आतंकियों ने मुंबई को बनाया था अपना निशाना

बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने कई जगहों पर हमले किए थे। आतंकियों ने ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस समेत कई जगहों को निशाना बनाया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकियों का मुकाबला करते हुए कई लोगों की जान बचाई थी। इस दौरान कई जवानों ने भी अपनी जान कुर्बान कर दी थी।

आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने पोस्ट में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग को भी बेहद अहम बताया। उनके मुताबिक, आतंकियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed