Jammu Kashmir News: पवित्र अमरनाथ गुफा से लौटते समय शुक्रवार देर रात एक 50 वर्षीय तीर्थयात्री की मौत हो गई। दरअसल कालीमाता के पास यात्री फिसल गया और 300 फीट नीचे गिर गया। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने कहा, मृतक की पहचान विजय कुमार शाह के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के तुम्बा गांव का रहने वाला था।
गुफा से लौटते वक्त फिसला तीर्थयात्री, 300 फीट नीचे गिरा
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने साझा की और कहा कि 'बिहार के रोहतास जिले के तुंबा गांव के निवासी एक तीर्थयात्री विजय कुमार शाह (50) पवित्र अमरनाथ गुफा से लौटते समय कालीमाता के पास फिसल गए और 300 फीट नीचे गिर गए। तीर्थयात्री को माउंटेन रेस्क्यू टीम और सेना ने संयुक्त रूप से बचाया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई।'
अंतिम चरण में पहुंची बाबा बर्फानी की यात्रा
एक जुलाई से शुरू हुई बाबा अमरनाथ की यात्रा अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। जम्मू से अब जत्थे को एक दिन छोड़कर रवाना किया जा रहा है। बता दें, जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से 656 श्रद्धालुओं का 40वां जत्था शुक्रवार की सुबह पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ था। यात्रा संपन्न होने में 11 दिन का समय शेष रह गया है। बाबा अमरनाथ यात्रा अब अंतिम चरण में है, जिसके चलते संख्यां में भी भारी कमी देखी जा रही है।
