देश

Waqf Amendment Bill: 'सभी बीजेपी सांसद 2 अप्रैल को संसद में रहें मौजूद', BJP ने सभी MP लिए जारी किया व्हिप

Waqf Amendment Bill: वक्फ बिल को लेकर बीजेपी ने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, इसके मुताबिक 2 अप्रैल संसद में उपस्थित होना अनिवार्य है।

Image

बीजेपी सांसदों को 2 अप्रैल संसद में उपस्थित होना अनिवार्य है

Waqf Amendment Bill BJP MP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी कर बुधवार यानी 2 अप्रैल को संसद में उपस्थित रहने को कहा है, बता दें कि 2 अप्रैल को सरकार लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक (Waqf Amendment Bill) पेश करेगी।

बीजेपी की ओर से जारी व्हिप में कहा गया कि बुधवार को सदन में अति महत्वपूर्ण विधायी कार्य है उन्हें पारित करने के लिए सभी लोग पार्टी का समर्थन करें और वोटिंग करें बता दें कि संसद की एक संयुक्त समिति की रिपोर्ट के बाद संशोधित किये गए वक्फ विधेयक को लोकसभा में विचार और पारित किये जाने के लिए 2 अप्रैल को लाया जाएगा।

वहीं वक्फ संशोधन विधेयक मुद्दे पर रणनीति पर चर्चा के लिए 1 अप्रैल की शाम विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं की बैठक होने वाली है जिसमें कल यानी 2 अप्रैल को लेकर रणनीति बनाई जा सकती है।

वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में चर्चा, पारित कराने के लिए लाया जाएगा

लोकसभा में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक विचार और पारित कराने के लिए लाया जाएगा और इस दौरान हंगामा होने के आसार हैं क्योंकि विपक्षी दल इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं।सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विधेयक पर सदन में आठ घंटे की प्रस्तावित चर्चा के बाद अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू जवाब देंगे और इस विधेयक को पारित कराने के लिए सदन की मंजूरी लेंगे।सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई।

विपक्ष ने विधेयक पर चर्चा के लिए 12 घंटे का समय आवंटित करने की मांग की

पिछले साल विधेयक पेश करते समय सरकार ने इसे दोनों सदनों की एक संयुक्त समिति को भेजने का प्रस्ताव किया था।समिति द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत किये जाने के बाद, उसकी सिफारिश के आधार पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मूल विधेयक में कुछ बदलावों को मंजूरी दी थी।कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में विपक्ष ने विधेयक पर चर्चा के लिए 12 घंटे का समय आवंटित करने की मांग की जबकि सरकार ने कम समय रखने पर जोर दिया ताकि अन्य विधायी कामकाज निपटाया जा सके।

सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक

इस मुद्दे पर बीएसी बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई और विपक्षी दलों के नेता बैठक छोड़कर बाहर आ गए।बाद में रीजीजू ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि कुछ दल चार से छह घंटे की चर्चा चाहते थे, वहीं विपक्ष 12 घंटे की चर्चा कराने पर अड़ा रहा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने चर्चा के लिए आठ घंटे निर्धारित किए हैं और सदन की भावना के अनुरूप इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है। रीजीजू ने इस बात पर हैरानी जतायी कि विपक्ष ने बीएसी की बैठक से वॉकआउट क्यों किया? रीजीजू ने कहा कि वह बुधवार को 12 बजे निचले सदन में प्रश्नकाल समाप्त होते ही विधेयक को चर्चा और पारित कराने के लिए रखेंगे उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कुछ दल चर्चा से बचने के लिए बहाने बना रहे हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article