Akhilesh Yadav to Join Bharat Jodo Nyay yatra: लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी में सीट बंटवारे पर कांग्रेस के साथ सहमति के बाद अब अखिलेश यादव भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। इसको लेकर तारीख भी सामने आ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो 25 फरवरी को आगरा में राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बीच जुगलबंदी देखने को मिल सकती है। बता दें, पहले अखिलेश यादव ने रायबरेली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने का ऐलान किया था। हालांकि, सीट बंटवारे पर सहमति न बन पाने के कारण उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था।
अखिलेश यादव ने कहा था कि जब तक इंडिया गठबंधन के अंदर सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन जाती है, वे भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं होंगे। बता दें, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पत्र लिखकर अखिलेश यादव को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, जिसके बाद अखिलेश यादव ने भी पत्र के माध्यम से यात्रा की शुभकामनाएं दी थीं और रायबरेली में जुड़ने का ऐलान किया था।
आगरा में दिखेंगे राहुल गांधी के साथ
मीडिया रिपोर्ट्स में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के हवाले से बताया गया है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को फिर से आमंत्रित किया गया है और वे जल्द ही न्या यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा गया है कि उन्हें 24 व 25 फरवरी को यात्रा में शामिल होन के लिए फिर से आमंत्रित किया गया था। बता दें, भारत जोड़ो न्याय यात्रा 24 फरवरी को मुरादाबाद से शुरू होकर 25 फरवरी को फतेहपुर सीकरी होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी।
17 सीटों पर बनी सहमति
सपा और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश में 17 लोकसभा सीटों पर सहमति बन गई है। यानी इंडिया गठबंधन के तहत 17 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे वहीं, 63 सीटों पर सपा व अन्य दल चुनाव लड़ेंगे। यह समझौतों दोनों पार्टियों के बीच बुधवार को हुआ, जिसके बाद दोनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस भी की थी।
