Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति में सुधार हो रहा है। कड़ाके की ठंड के बाद भी हवा की स्थिति में सुधार देखा गया है, जिसके बाद अब दिल्ली एनसीआर से ग्रैप-3 को हटा लिया गया है। ग्रैप 3 के हटने से वाहन चालकों को काफी फायदा होगा।
कैसी है दिल्ली की हवा
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने जीआरएपी के चरण III ('गंभीर' वायु गुणवत्ता) के तहत एक्शन को रद्द कर दिया है और एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चरण- I और II के तहत एक्शन तेज कर दी है। रविवार को शाम चार बजे शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एएक्यूआई) 339 रहा।
कहां-कहां राहत
जीआरएपी चरण तीन के तहत निजी क्षेत्र में गैर-आवश्यक निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगाया जाता है। चरण तीन के तहत, पांचवीं तक की कक्षाएं ‘हाइब्रिड’ (ऑनलाइन तथा ऑफलाइन) तरीके में चलाना आवश्यक है। माता-पिता और छात्रों के पास जहां भी उपलब्ध हो, ऑनलाइन शिक्षा चुनने का विकल्प है। चरण तीन के तहत, दिल्ली और आसपास के एनसीआर जिलों में बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार डीजल कारों (4-पहिया वाहन) का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। दिव्यांग व्यक्तियों को छूट दी गई है।
हो सकती है बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के पूर्वानुमानों के अनुसार अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण वायु गुणवत्ता में और सुधार होने की संभावना है और यह ‘‘गंभीर’’ से ‘‘खराब’’ श्रेणी में आ सकती है। आईएमडी ने अगले दो-तीन दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश होने का अनुमान है।
जीआरएपी के क्या हैं नियम
सर्दियों के दौरान, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में जीआरएपी के तहत प्रतिबंध लागू होते हैं, जो वायु गुणवत्ता को चार चरणों में वर्गीकृत करता है - चरण एक (खराब, एक्यूआई 201-300), चरण दो (बहुत खराब, एक्यूआई 301-400), चरण तीन (गंभीर, एक्यूआई 401-450), और चरण चार (अतिगंभीर, एक्यूआई 450 से ऊपर)।
