Delhi-Tel Aviv Air India flight- रविवार को दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया। इजरायली शहर में हवाई अड्डे के पास मिसाइल हमले के बाद विमान को मोड़ा गया। सूत्रों ने बताया कि यह हमला एयर इंडिया की फ्लाइट एआई139 के तेल अवीव में उतरने से एक घंटे से भी कम समय पहले हुआ, जो बोइंग 787 विमान से संचालित थी। उन्होंने कहा कि फ्लाइट वापस दिल्ली आएगी। वहीं, एयरलाइन ने 6 मई तक तेल अवीव की उड़ानें निलंबित कर दी हैं।
यमन से लॉन्च हुई मिसाइल
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्लाइट जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में थी, जब फ्लाइट को अबू धाबी की ओर मोड़ने का फैसला किया गया। एयर इंडिया की तेल अवीव से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट रविवार को रद्द कर दी गई। एयर इंडिया की ओर से बयान का इंतजार किया जा रहा है। यमन से लॉन्च की गई मिसाइल के तेल अवीव हवाई अड्डे के पास गिरने के बाद तेल अवीव हवाई अड्डे के लिए हवाई यातायात कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था।
हूती विद्रोहियो ने दागी मिसाइल, यात्रियों में दहशत
दरअसल, रविवार को यमन में ईरान समर्थित विद्रोहियों द्वारा दागी गई मिसाइल के कारण इजराइल के मुख्य अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ समय के लिए उड़ानें और यात्री यातायात रोक दिया गया। मिसाइल हमले से एक धुएं का गुबार उठा जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हूती विद्रोही गाजा में युद्ध के दौरान फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए इजराइल पर हमला कर रहे हैं। बेन-गुरियन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला शीर्ष इजराइली कैबिनेट मंत्रियों द्वारा गाजा पट्टी में देश के सैन्य अभियानों को तेज करने के बारे में मतदान करने से कुछ घंटे पहले हुआ। अधिकारियों ने कहा कि इस बीच सेना ने गाजा में व्यापक अभियान के मद्देनजर हजारों रिजर्व सैनिकों को बुलाना शुरू कर दिया।
चिल्लाते और छिपते दिखे यात्री
रविवार को मिसाइल हमले के बाद इजराइल के कई हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बजाए गए। इजराइली मीडिया द्वारा साझा किए गए फुटेज के अनुसार, हवाई अड्डे पर धुएं का गुबार दिखाई दिया। यात्रियों को चिल्लाते और छिपने के लिए भागते हुए सुना गया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि हवाई अड्डे की पार्किंग की ओर जाने वाली सड़क के पास एक खेत में गिरा मिसाइल था या उसके टुकड़े या फिर इजरायल की वायु रक्षा प्रणालियों का एक इंटरसेप्टर। इससे जमीन में एक गहरा गड्ढा बन गया और पास की सड़क पर कचरा फैल गया।
इजरायल ने जवाब देने की कसम खाई
इजरायल ने हवाई अड्डे पर हुए हमले का जवाब देने की कसम खाई है। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद हवाई, सड़क और रेल यातायात रोक दिया गया। इजराइल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि करीब एक घंटे बाद यातायात फिर से शुरू हो गया। इजराइल के पैरामेडिक सर्विस मैगन डेविड एडोम ने बताया कि चार लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने एक वीडियो बयान में कहा कि हूती ने हवाई अड्डे पर एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल दागी।
7 अक्टूबर, 2023 को गाजा के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से हूती विद्रोही इजराइल पर गोलीबारी कर रहे हैं और मिसाइलों को ज्यादातर रोक दिया गया है, हालांकि कुछ ने इजराइल की मिसाइल रक्षा प्रणालियों में घुसकर नुकसान पहुंचाया है।
