दम्माम-दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की अहमदाबाद में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, बम की धमकी से मचा हड़कंप; जांच जारी

Dammam Delhi Air India Express Flight: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार शाम दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बम धमकी की सूचना के बाद एहतियातन डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में मिले संदिग्ध पेज के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हुईं और सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जांच शुरू की गई।

Dammam Delhi Air India Express Flight: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार शाम एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को संदिग्ध पेज मिलने के बाद आपात स्थिति में उतारा गया। पेज पर 'Bomb Red 4.30' लिखा हुआ था, जिसके सामने आने के बाद विमान में बम होने की आशंका जताई गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 170 ने सोमवार शाम करीब 4:22 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान में छह क्रू मेंबर्स मौजूद थे। इनमें से एक क्रू मेंबर को यह संदिग्ध पेज मिला। उसने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी। इसके बाद पायलट ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को अहमदाबाद में उतारने का फैसला किया गया।

Air India Express Bomb Threat

एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक फोटो)

32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल गया

विमान के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उसमें सवार 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट पुलिस इंस्पेक्टर एडी चावड़ा के मुताबिक, यात्रियों और क्रू मेंबर्स के सामान की गहन तलाशी ली जा रही है। हालांकि, अब तक की जांच में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विमान में मिला पेज आखिर किसने लिखा था। इसके लिए संदिग्ध पेज पर लिखावट की तुलना यात्रियों और क्रू मेंबर्स की हैंडराइटिंग से की जा रही है। साथ ही, विमान में मौजूद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों की ओर से एयरपोर्ट थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध पेज किसने और किस मकसद से विमान में रखा था।

End of Feed