Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जीवित बचे एकमात्र शख्स का एक नया फुटेज इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विश्वास कुमार रमेश को धुएं के घने बादलों के बीच दुर्घटना स्थल से बाहर निकलते हुए दिखाया गया है। विश्वास कुमार रमेश लंदन जाने वाले बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में सवार 242 लोगों में से एक थे। विमान 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इनमें से 241 लोगों की मौत हो गई थी और सिर्फ रमेश ही चमत्कारिक रूप से बच गए थे।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में बचा एकमात्र यात्री विश्वास कुमार रमेश
हाथ में फोन लेकर बाहर निकलते दिखे रमेश
वीडियो में रमेश को अपने बाएं हाथ में मोबाइल फोन लेकर दुर्घटना स्थल से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोग उनकी ओर दौड़े और उन्हें अस्पताल ले गए। ब्रिटिश नागरिक विश्वाश कुमार रमेश सीट '11A' में सवार थे। 11A एयर इंडिया के B787-8 विमानों की इकोनॉमी क्लास की पहली पंक्ति की छह सीटों में से एक है। सीट मैप के अनुसार, यह आपातकालीन एक्जिट दरवाजों में से एक के साथ-साथ विमान के गैली क्षेत्र के पास की खिड़की वाली सीट थी।
चमत्कारिक रूप से बच निकले रमेश
हालांकि, रमेश के चमत्कारिक रूप से बच निकलने के कारणों पर निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठा होना उसके चमत्कारिक रूप से बच निकलने के कारणों में से एक हो सकता है। फिलहाल एयर इंडिया के बेड़े में 27 B787-8 विमान हैं और उनमें से हर एक में 238 इकॉनमी और 18 बिजनेस क्लास सीटें हैं। आने वाले महीनों में इन सभी विमानों को रेट्रोफिट के लिए तैयार किया जाएगा।
विमान में क्रू सहित 242 यात्री थे सवार
विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली नागरिक और 1 कनाडाई नागरिक थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अनुसार, विमान ने रनवे 23 से दोपहर 1.39 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। डीजीसीए के बयान के अनुसार, इसने एटीसी को मेडे कॉल किया, लेकिन उसके बाद विमान ने एटीसी द्वारा की गई कॉल का कोई जवाब नहीं दिया। दुर्घटना के बाद बताया गया कि विमान रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद हवाई अड्डे के बाहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
