Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया के प्लेन क्रैश की जांच कर रही टीम को कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मिल गया है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर के मिलने के बाद से क्रैश के कारणों को जानने में काफी मदद मिलेगी। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में अंतिम समय में पायलटों की बातचीत रिकॉर्ड होगी, जिससे यह पता चल सकेगा कि क्रैश से पहले और टेकऑफ के बाद प्लेन में क्या हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों सहित कुल 270 लोग मारे गए थे।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश के कारणों को लेकर जांच जारी
ये भी पढ़ें- Ahmedabad Plane Crash: एयर इंडिया प्लेन क्रैश की जांच के लिए AAIB का क्या है प्लान? स्टाफ से लेकर मेंटेनेंस तक पर नजर
कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मिला
गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने रविवार को पुष्टि की कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है, जिससे इस हादसे के पीछे संभावित कारण की पहचान करने में मदद मिलेगी।
फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर भी मिल चुका है
इससे पहले, विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) मिलने की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी. के. मिश्रा को ब्लैक बॉक्स मिलने की पुष्टि की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मिश्रा ने यहां एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और केंद्र एवं राज्य सरकारों, वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत, बचाव और जांच प्रयासों पर चर्चा की।
एएआईबी की जांच जारी
विज्ञप्ति में कहा गया है कि एएआईबी ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है, और अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत समानांतर जांच कर रहा है, क्योंकि विमान अमेरिका में निर्मित था। इसमें कहा गया, "अधिकारियों ने डॉ. मिश्रा को बताया कि फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) का पता लगा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित कर लिया गया है।"
