अहमदाबाद प्लेन क्रैश में क्षतिग्रस्त हुए सिविल अस्पताल-असरवा स्थित ‘अतुल्यम’ हॉस्टल ब्लॉक्स की जगह अब 105 करोड़ रुपये की लागत से अल्ट्रा मॉडर्न सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल बनाया जाएगा। गुजरात सरकार ने इस परियोजना की घोषणा कर दी है। इस दौरान सरकार ने बताया कि हादसे में हुए नुकसान की भरपाई के लिए टाटा एयरलाइन्स ने स्वास्थ्य विभाग को 53.12 करोड़ रुपये का मुआवजा देगी।
अहमदाबाद प्लेन हादसा।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पंसारिया ने बताया कि 12 जून 2025 को मेघाणी नगर में हुए अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे में अहमदाबाद सिविल अस्पताल-असरवा के न्यू मेंटल कैंपस स्थित ‘अतुल्यम 1 से 4’ हॉस्टल ब्लॉक्स, कैंटीन और सब-स्टेशन बिल्डिंग को गंभीर नुकसान पहुंचा था। हादसे के समय हॉस्टल में 92 छात्र रह रहे थे।
घटना के बाद कराए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में इमारतों को रहने के लिए असुरक्षित पाया गया, जिसके बाद उन्हें ध्वस्त करने का फैसला लिया गया। मंत्री ने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में नए हॉस्टल निर्माण की योजना तैयार की गई है।
नई परियोजना के तहत न्यू मेंटल कैंपस-IGP कंपाउंड, मेघाणी नगर में ‘अतुल्यम 1 से 7’ नाम से G+8 फ्लोर वाला आधुनिक पीजी हॉस्टल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसमें सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल कोर्स की बढ़ाई गई 48 नई सीटों को ध्यान में रखते हुए अगले तीन वर्षों में कुल 236 सुपर स्पेशियलिटी पीजी डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था होगी।
परियोजना में आधुनिक कैंटीन, नया सब-स्टेशन, बेसमेंट पार्किंग, अविवाहित छात्रों के लिए अलग आवास, जिम्नेजियम, रिक्रिएशन रूम और आकर्षक लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हर फ्लैट को स्टूडियो अपार्टमेंट की तर्ज पर बनाया जाएगा, जिसमें लिविंग रूम, अटैच किचन, बेडरूम और टॉयलेट की सुविधा होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए 2026-27 के बजट में 34.65 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दे दी गई है। इसके अलावा परिसर में फायर फाइटिंग सिस्टम, RO प्लांट और मजबूत ड्रेनेज नेटवर्क जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
