डॉक्टर बनने का सपना रह गया अधूरा; 15 दिन तक लापता रहने के बाद जॉर्जिया की मटक्वारी नदी में मिला भारतीय छात्र का शव

मेडिकल छात्र ध्वनित राजदीप की जॉर्जिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 15 दिनों तक लापता रहने के बाद उसका शव मटक्वारी नदी में मिलने से परिवार सदमे में है। परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना और धमकियों के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

Dhvanit Rajdeep Georgia Death: अहमदाबाद के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब जॉर्जिया में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा उनका बेटा ध्वनित राजदीप रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया और अंत में उसका शव जॉर्जिया की मटक्वारी (Mtkvari) नदी में बरामद हुआ । कॉकेसस मेडिकल यूनिवर्सिटी में नौवें सेमेस्टर का छात्र ध्वनित 14 तारीख को अपने परिवार से आखिरी बार संपर्क में आया था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। परिवार का आरोप है कि ध्वनित को उसके साथ रहने वाले कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उसे धमकियां भी मिल रही थीं।

Dhvanit Rajdeep (File Photo)

ध्वनित राजदीप (फाइल फोटो)

पिता मयूरभाई ने क्या बताया?

ध्वनित के पिता मयूरभाई ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में बेहद मेधावी था और मेडिकल रिसर्च से जुड़े लेख भी लिखता था। उनके अनुसार, हाल ही में ध्वनित ने अपना पुराना फ्लैट छोड़कर नया मकान लिया था क्योंकि पुराने निवास स्थान पर उसे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का दावा है कि उसके साथ रहने वाले कुछ लोग उसके सामान से छेड़छाड़ करते थे, उसका भोजन खा लेते थे और पढ़ाई में बाधा पहुंचाने की कोशिश करते थे।

End of Feed