Dhvanit Rajdeep Georgia Death: अहमदाबाद के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब जॉर्जिया में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा उनका बेटा ध्वनित राजदीप रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया और अंत में उसका शव जॉर्जिया की मटक्वारी (Mtkvari) नदी में बरामद हुआ । कॉकेसस मेडिकल यूनिवर्सिटी में नौवें सेमेस्टर का छात्र ध्वनित 14 तारीख को अपने परिवार से आखिरी बार संपर्क में आया था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। परिवार का आरोप है कि ध्वनित को उसके साथ रहने वाले कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उसे धमकियां भी मिल रही थीं।
पिता मयूरभाई ने क्या बताया?
ध्वनित के पिता मयूरभाई ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में बेहद मेधावी था और मेडिकल रिसर्च से जुड़े लेख भी लिखता था। उनके अनुसार, हाल ही में ध्वनित ने अपना पुराना फ्लैट छोड़कर नया मकान लिया था क्योंकि पुराने निवास स्थान पर उसे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का दावा है कि उसके साथ रहने वाले कुछ लोग उसके सामान से छेड़छाड़ करते थे, उसका भोजन खा लेते थे और पढ़ाई में बाधा पहुंचाने की कोशिश करते थे।
अचानक बंद हो गया फोन
परिजनों के मुताबिक, फ्लैट बदलने के दौरान पुराने मकान में रहने वाले लोगों ने उससे अतिरिक्त पैसों की मांग की। ध्वनित जब अपना सामान लेने और चाबी लौटाने गया तो कथित तौर पर उससे विवाद हुआ। परिवार का आरोप है कि इस दौरान उसे धमकियां दी गईं और एक समय उसे कमरे में बंद भी कर दिया गया था। पिता का कहना है कि उनके पास व्हाट्सएप चैट और कुछ वीडियो मौजूद हैं, जिनमें बेटे को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कही गई थीं। बताया गया कि वहां से निकलने के बाद ध्वनित अपने नए घर पहुंचा और भारत लौटने की तैयारी कर रहा था। परिवार ने उसके लिए फ्लाइट टिकट भी बुक कर दी थी। हालांकि, दोपहर करीब 12 बजे के बाद उसका फोन अचानक बंद हो गया और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मां ने कई दिनों से नहीं सुनी थी बेटे की आवाज
ध्वनित की मां धर्मिष्ठा बेन ने भावुक होते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से उन्होंने अपने बेटे की आवाज तक नहीं सुनी थी। उनका आरोप है कि ध्वनित को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उस पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता था। परिवार का कहना है कि वह केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहता था और इसी कारण उसने रहने की जगह बदली थी। परिवार ने गुजरात सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से मदद भी मांगी थी। पिता ने बताया था कि, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल समेत कई सांसदों और विधायकों ने उनकी मदद की और विदेश मंत्रालय को पत्र भी लिखा गया। लेकिन परिवार का आरोप है कि जॉर्जिया की स्थानीय पुलिस और अथॉरिटी की तरफ से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
जॉर्जिया की मटक्वारी नदी में मिला शव
इससे पहले मीडिया से बातचीत के दौरान परिवार ने विदेश में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसे मामलों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं हाल फिलहाल की जानकारी के अनुसार ध्वनित का शव जॉर्जिया की मटक्वारी (Mtkvari) नदी में बरामद हुआ है। चूंकि घटना और संबंधित सभी पक्ष विदेश में हैं, इसलिए इस मामले में सीधे अहमदाबाद में एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती। अब मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जॉर्जिया की संबंधित एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में होगी। फिलहाल परिवार अपने बेटे की मौत के कारणों का पता लगाने और न्याय की मांग कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
