भारत में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को रेलवे पुलिस ने अगरतला में पकड़ा है। ये बांग्लादेशी, अगरतला रेलवे स्टेशन तक पहुंच चुके थे और वहां से ट्रेन में बैठकर भागने की फिराक में थे, तभी रेलवे पुलिस ने इन्हें धर दबोचा।
सुरक्षाबलों का संयुक्त ऑपरेशन
अगरतला राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी अधिकारी (OC) ने बताया कि रविवार को त्रिपुरा के अगरतला रेलवे स्टेशन पर तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अगरतला राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और खुफिया विभाग के संयुक्त अभियान के बाद गिरफ्तारी की गई।
बांग्लादेशियों की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान नोआखली के छोटन दास (19) और बिष्णु चंद्र दास (20) और हबीगंज के मोहम्मद मालेक (30) के रूप में हुई है, जिन्हें आज दोपहर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आगे बताया कि वे कथित तौर पर दूसरे राज्य के लिए ट्रेन पकड़ने के इरादे से रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, शुरुआती जांच में पता चला है कि उनका गंतव्य कोलकाता था। गिरफ्तारी के बाद संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए अगरतला GRP पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
और भी लोगों की तलाश
अधिकारियों को संदेह है कि इस मामले से और भी लोग जुड़े हो सकते हैं, और अतिरिक्त गिरफ्तारियों की उम्मीद है। अगरतला GRP पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है, और संदिग्धों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
