बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों का काफी नुकसान हुआ है और रविवार को भी ये सिलसिला जारी रहा। जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। रविवार को खरगोन जिले के झिरन्या तहसील के पहाड़ी गांव काकोड़ा व आसपास के इलाके में ओलावृष्टि (hailstorm) से जमीन पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई जिससे यहां कश्मीर जैसा नजारा दिखाई दिया।
रविवार को प्रकृति का कहर खरगोन जिले में किसानों पर कुछ इस कदर टूटा कि खरगोन में कश्मीर सा नजारा हो गया। तेज हवा और बारिश के साथ जमकर हुई ओलावृष्टि के कारण हर तरफ ओलों की सफेद चादर बिछ गई। क्या सड़क क्या खलिहान और क्या घरों के आंगन हर तरफ सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही थी।
ओलावृष्टि के बाद लोगों ने हर तरफ बिछी बर्फ को देखकर हर कोई हैरान है। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक यहां तेज हवा और बारिश के साथ बेर के आकार के ओले गिरे ।
फसलें बर्बाद किसानों को मुआवजे की आस
दो दिन पहले बड़वाह क्षेत्र के काटकूट में भी तेज बारिश और ओले गिरने से सूखी नदियों में बाढ़ आ गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि चैत्र के महीने में अभी तक ऐसी बारिश और ओलावृष्टि पहले कभी नहीं हुई। ओलावृष्टि से क्षेत्र में अभी कितना नुकसान हुआ है, यह स्पष्ट नहीं है। वहीं ग्रामीणों की मानें तो तेज बारिश करीब आधे से एक घंटे तक हुई, इस दौरान चने के आकार के ओलों की झड़ी लग गई पहाड़ी नदी-नालों में भी पानी बह निकला।
