देश

'जंगीपुर में माहौल तनावपूर्ण, हिंसा-हुड़दंग बर्दाश्त नहीं करेंगे', हिंसा पर पश्चिम बंगाल के DGP राजीव कुमार का बयान

Jangipur violence : पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को हुई हिंसा पर पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। डीजीपी ने शनिवार को कहा कि जंगीपुर में कल से अशांति देखी गई है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई है। किसी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Image

जंगीपुर हिंसा में हालात तनावपूर्ण।

Jangipur violence : पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को हुई हिंसा पर पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। डीजीपी ने शनिवार को कहा कि जंगीपुर में कल से अशांति देखी गई है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई है। किसी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम बहुत सख्ती से हालात से निपट रहे हैं। मानव जीवन की सुरक्षा करनी हमारी जिम्मेदारी है। उपद्रव में शामिल होने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को अफवाह नहीं फैलाना चाहिए। कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।

किसी को कानून हाथ में लेने की जरूरत नहीं-डीजीपी

डीजीपी ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की जरूरत नहीं है। हिंसा प्रभावित इलाके में धारा 163 लागू है। सरकारी संपत्तियों को यदि आग के हवाले किया गया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। हम लोगों से सहयोग करने की अपील करते हैं, हम किसी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे।

ममता चाह रहीं हिंसा हो-सुकांता

मुर्शिदाबाद की हिंसा पर पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि 'यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि ममता बनर्जी ऐसा चाहती हैं। चुनाव में वोट लेने के लिए वह मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती हैं। शिक्षकों की नौकरियां गई हैं, वह उस पर से लोगों का ध्यान हटाना चाहती हैं। गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं।

वक्फ कानून के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन हुए

बता दें कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में वक्फ कानून के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान वाहनों में आग लगा दी और सड़क एवं रेल यातायात को बाधित कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। मुर्शिदाबाद जिले के सुती में प्रदर्शन हिंसक हो गया, जब निषेधाज्ञा के बावजूद प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जुलूस के दौरान पुलिस वैन और सार्वजनिक बसों को आग लगा दी।

10 पुलिसकर्मी घायल हो गए

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, समस्या तब शुरू हुई जब जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए और वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने शमशेरगंज में डाकबंगला मोड़ से सुतिर सजुर मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के एक हिस्से को अवरुद्ध कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘प्रदर्शन तब हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वैन पर पथराव किया। इसके परिणामस्वरूप पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें लगभग 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article