देश

महादेव सट्टेबाजी मामले में ED के बाद अब IT मंत्रालय का एक्शन, Mahadev Book को ब्लॉक करने का आदेश

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 5, 2023, 10:54 PM IST

महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के बीच आईटी मंत्रालय ने रविवार को महादेव बुक ऑनलाइन और अन्य 21 सट्टेबाजी ऐप्स और वेबसाइटों के खिलाफ एक आदेश जारी किया।

Image

महादेव बुक को ब्लॉक करने का आदेश (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : BCCL

महादेव सट्टेबाजी मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद अब आईटी मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। अवैध सट्टेबाजी करने के आरोपों में 22 सट्टेबाजी एप्स और वेबसाइट को सरकार ने ब्लॉक करने का आदेश दिया है।

ईडी की सिफारिश

महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के बीच आईटी मंत्रालय ने रविवार को महादेव बुक ऑनलाइन और अन्य 21 सट्टेबाजी ऐप्स और वेबसाइटों के खिलाफ एक आदेश जारी किया। ईडी की सिफारिश के बाद सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत आदेश जारी किया गया है।

क्या बोले आईटी मिनिस्टर

आईटी राज्य मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने एक बयान में कहा- "छत्तीसगढ़ सरकार के पास धारा 69ए आईटी अधिनियम के तहत वेबसाइट/ऐप को बंद करने की सिफारिश करने की पूरी शक्ति थी। हालाँकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया और राज्य सरकार द्वारा ऐसा कोई अनुरोध नहीं किया गया, जबकि वे पिछले 1.5 वर्षों से इसकी जांच कर रहे हैं। दरअसल, ईडी से पहला और एकमात्र अनुरोध प्राप्त हुआ है और उस पर कार्रवाई की गई है। किसी ने भी छत्तीसगढ़ सरकार को इसी तरह का अनुरोध करने से नहीं रोका।"

ईडी का दावा

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को दावा किया था कि फॉरेंसिक विश्लेषण और एक 'कैश कूरियर' (नकदी पहुंचाने वाले व्यक्ति) द्वारा दिए गए बयान से ये "चौंकाने वाले आरोप" सामने आए हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और ''यह जांच का विषय है।'' कथित एजेंट, 38 वर्षीय असीम दास के पास से 5.39 करोड़ रुपये नकद बरामद करने के बाद उसे एजेंसी ने रायपुर में गिरफ्तार कर लिया। उसे कथित तौर पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से ऐप के प्रवर्तकों द्वारा "विशेष रूप से, (छत्तीसगढ़ में) सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार खर्चों के लिए बड़ी मात्रा में नकदी पहुंचाने के वास्ते" भेजा गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article