देश

हरियाणा में किसानों को तोहफा पर तोहफा! आज से आबियाना खत्म, 133 करोड़ बकाया माफ

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नॉनस्टॉप हरियाणा को और तेज गति दे रहे हैं। आज उन्होंने किसानों के लिए सौगात की झड़ी लगा दी है।

Image

हरियाणा सरकार अब 10 और फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेगी - नायब सिंह सैनी

KEY HIGHLIGHTS
  • मुख्यमंत्री का प्रदेश के किसानों को नायाब तोहफा
  • प्रदेश में आज से आबियाना खत्म
  • किसानों का पिछले आबियाने का 133 करोड़ 55 लाख 48 हज़ार रुपए बकाया भी माफ

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों को एक और महत्वपूर्ण सौगात देते हुए किसानों का पिछले आबियाने का 133 करोड़ 55 लाख 48 हज़ार रुपए बकाया माफ करने की घोषणा की। साथ ही भविष्य के लिए भी आबियाना खत्म हो गया है। इससे किसानों को प्रति वर्ष लगभग 54 करोड रुपए की राहत मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की भी घोषणा की। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब हरियाणा की अन्य सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएंगी।

आपदा का लंबित मुआवजा जल्द

मुख्यमंत्री ने जिला रोहतक, नूंह, फतेहाबाद और सिरसा में 2023 से पहले आपदा में फसलों को हुए नुकसान की मुआवजा की लंबित 137 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान करने की घोषणा करते हुए कहा कि एक हफ्ते में यह राशि सम्बंधित किसानों को उपायुक्तों द्वारा दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए तीन स्टार वाली मोटर देश भर से कहीं से भी खरीदने की अनुमति होगी। वर्तमान में प्रदेश में तीन स्टार मोटर की केवल 10 कंपनियां पंजीकृत हैं। अब देश में तीन स्टार मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां हरियाणा के पैनल पर आ जाएँगी और किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी कंपनी से तीन स्टार मोटर खरीद सकेंगे। इससे 31 दिसंबर 2023 तक नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने पर ट्रांसफार्मर का खर्चा किसान से नहीं लिया जाएगा। ये ट्रांसफार्मर बिजली निगमों द्वारा अपने खर्चे पर बदले जाएंगे ।

1,41,000 युवाओं को नौकरी

उन्होंने कहा कि आज धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र से चुनाव अभियान का शंखनाद किया जा रहा है प्रदेश की 90 विधानसभाओं में ऐसी भव्य जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इस सभा में लोगों की विशाल उपस्थिति वर्तमान सरकार के कार्यों एवं नीतियों में जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता का पवित्र संदेश इसी धरती से दिया था। इस पवित्र संदेश को आत्मसात करते हुए वर्तमान राज्य सरकार पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। हमने व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। सरकारी नौकरी में बिचौलियों की भूमिका को खत्म करते हुए हमने बिना किसी भेदभाव के मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर 1,41,000 युवाओं को नौकरी प्रदान की है। साथ ही 40,000 और पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को खत्म कर विकसित हरियाणा की नींव हमने पिछले 10 सालों में रखी है।

कांग्रेस पर हमला

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में विकास के मामलों में क्षेत्रवाद का बोलबाला था और जनता भय, भ्रष्टाचार का माहौल झेल रही थी। 2014 में जनादेश मिलने के बाद वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नेक नीयत और बुलंद इरादों से जनता के अविश्वास को विश्वास में बदलने का काम किया। आज हरियाणा नया आकर ले रहा है, उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है, खेती में भरपूर पैदावार हो रही है, महिलाओं का उत्थान सुनिश्चित हुआ है। आज हरियाणा के विकास की चर्चा पूरे देश में हो रही है और अन्य राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में गांवों के विकास पर 23586 करोड़ रुपए की राशि खर्च करके ग्रामीण आँचल में विकास को एक नई दिशा दी गई है।

कौन-कौन थे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणवीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला एवं कार्तिकेय शर्मा, हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री डॉ कमल गुप्ता, इंडस्ट्री मंत्री मूलचंद शर्मा कृषि मंत्री कँवर पाल, वित्त मंत्री जेपी दलाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा, परिवहन मंत्री असीम गोयल, सेवा मंत्री बिशम्बर वाल्मीकि, डॉक्टर सतीश पूनिया, सुधा यादव, कैप्टन अभिमन्यु, ओमप्रकाश धनखड़, कृष्ण बेदी, किरण चौधरी सहित अनेक मंत्रीगण, विधायकगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article