देश

Atishi Marlena Delhi New CM : आतिशी होंगी दिल्ली की नई CM, विधायक दल की बैठक में केजरीवाल ने रखा नाम का प्रस्ताव

Atishi Delhi New Chief Minister : आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली के लिए नए मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया है। आतिशी दिल्ली की नई सीएम (Delhi New CM Atishi) होंगी। विधायक दल की बैठक में उनका चुनाव किया गया। आज शाम साढ़े चार बजे केजरीवाल की मुलाकात उप राज्यपाल वीके सक्सेना से होनी है।

Image

आतिशी होंगी दिल्ली की नई सीएम।

KEY HIGHLIGHTS
  • आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर मुहर लगी
  • अरविंद केजरीवाल ने नए मुख्यमंत्री के लिए आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा
  • अगले कुछ दिनों में सीएम पद की शपथ ले सकती हैं आतिशी, AAP में खुशी

Atishi Marlena Delhi New Chief Minister: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली के लिए नए मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया है। आतिशी दिल्ली की नई सीएम (Atishi Delhi New CM) होंगी। विधायक दल की बैठक में उनका चुनाव किया गया। आज शाम साढ़े चार बजे केजरीवाल की मुलाकात उप राज्यपाल वीके सक्सेना से होनी है। इस मुलाकात के दोरान वह अपना इस्तीफा सौंप देंगे। समझा जाता है कि नए सीएम को समर्थन वाला विधायकों का पत्र भी वह लेफ्टिनेंट गवर्नर को सौंपेंगे। दिल्ली में फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। केजरीवाल के इस इस्तीफा दांव को चुनाव से ही जोड़कर देखा जा रहा है। AAP संयोजक के इस फैसले ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दोनों को चौंकाया। भाजपा अब विधानसभा भंग करने की मांग कर रही है तो वहीं कांग्रेस ने केजरीवाल के इस्तीफे के दांव को 'राजनीतिक नौटंकी' करार दिया।

2013 से केजरीवाल के साथ हैं आतिशी

आतिशी साल 2013 से केजरीवाल के साथ काम कर रही हैं। विधायक दल की बैठक में उन्हें विधान दल का नेता चुना गया। बैठक में अरविंद केजरीवाल ने ही मुख्यमंत्री पद के लिए आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा था। विधायकों ने भी आतिशी के नाम का स्वागत किया। इसी हफ्ते आतिशी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। आतिशी आम आदमी पार्टी की सीनियर नेताओं में शामिल हैं। उन्हें अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है। मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद आतिशी को शिक्षा मंत्रालय समेत कई बड़ी जिम्मेदारी दी गईं थी। वो दिल्ली के कालकाजी से विधायक हैं।

जनता के जिताने पर केजरीवाल फिर सीएम बनेंगे-राय

दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के अगले चुनाव तक मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी आतिशी जी को दी गई है। ये सर्वसहमति से हुआ है। ये जो जिम्मेदारी विषम परिस्थितियों में देनी पड़ी है। राय ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह साजिश के तहत आप को खत्म करने की कोशिश कर रही है। लेकिन केजरीवाल जिस तरह से काम करते आए हैं, वह ईमानदारी की ताकत है उनकी ईमानदारी पर कीचड़ उछाला गया। जेल से आने के बाद ये निर्णय लिया कि वह जनता की अदालत में जाएंगे। दिल्ली के लोग जब तक उन्हें दुबारा चुन के समर्थन नहीं देते तब तक वो मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।

भाजपा के हमलों का मजबूती से किया बचाव

आबकारी मामले में मनीष सिसोदिया और फिर अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद पार्टी और सरकार में आतिशी का कद लगातार बढ़ा। आबकारी मामले में भाजपा के हमलों और स्वाती मालीवाल पिटाई मामले में आतिशी ने पार्टी नेताओं और केजरीवाल का मजबूती से बचाव किया। उनके पास दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में काम कर रही हैं। आतिशी को केजरीवाल का खास माना जाता है। वह आम आदमी पार्टी के शुरुआती संस्थापकों में शामिल रही हैं।

सीएम के लिए AAP में कई नाम थे चर्चा में

दिल्ली के अगले सीएम के लिए आम आदम पार्टी में कई नेताओं के नाम पर चर्चा चल रही थी। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों के रूप में दिल्ली के मंत्रियों आतिशी, गोपाल राय, कैलाश गहलोत और सौरभ भारद्वाज के नाम चर्चा में हैं। उन्होंने बताया कि केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल भी दावेदार माने जा रहे है। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़लान और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार भी संभावित दावेदार हैं। ‘आप’ सूत्रों ने कहा कि इनके अलावा अल्पसंख्यक समुदाय के किसी सदस्य को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है क्योंकि पार्टी ने 2020 के दिल्ली दंगों के बाद से समुदाय में अपने समर्थन में कमी देखी है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिदृश्य में दिल्ली के मंत्री इमरान हुसैन को चुने जाने की भी संभावना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना ‘सिद्धांतों’ का पालन नहीं, बल्कि ‘मजबूरी’में लिया गया फैसला है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article