देश

Delhi CM पद से इस्तीफा देने के बाद क्या होगी केजरीवाल की अगली रणनीति, AAP ने बनाया ये खास प्लान

Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में अरविंद केजरीवाल के रोडशो और रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा वह झारखंड और महाराष्ट्र भी जा सकते हैं। आप सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल जम्मू कश्मीर में भी प्रचार कर सकते हैं, जहां पार्टी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Image

अरविंद केजरीवाल

Photo : PTI

Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार की शाम दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह आतिशी मार्लेना दिल्ली की कमान संभालेंगी, उन्होंने उपराज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया है। अब सभी की नजरें अरविंद केजरीवाल के अगले कदम पर होगी। आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल अब आप कार्यकर्ताओं में जोश भरने और लोगों के बीच विश्वास बहाल करने पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।

आप सूत्रों का कहना है कि भ्रष्टाचार के आरोपों में केजरीवाल के लंबे समय तक जेल में रहने के कारण आम आदमी पार्टी का कैडर कमजोर हो गया है। अब आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल हरियाणा में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं, जहां पांच अक्टूबर को मतदान होना है। पदाधिकारी ने कहा कि वह जम्मू कश्मीर में उन स्थानों पर रोडशो भी कर सकते हैं, जहां पार्टी को अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में एक अक्टूबर तक तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं।

दिल्ली में घर-घर जाकर करेंगे प्रचार

दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल के लिए राष्ट्रीय राजधानी में वार्डवार घर-घर जाकर प्रचार करने की योजना बनाई गई है। दरअसल, चुनाव से पहले पार्टी के पास रणनीति बनाने और आप के मतदाताओं के बीच विश्वास फिर से बनाने के लिए चार महीने हैं। आप के एक नेता ने कहा, केजरीवाल की गिरफ्तारी के बावजूद पार्टी विपक्ष की उम्मीद के मुताबिक नहीं टूटी। न केवल पार्टी के वरिष्ठ नेता बल्कि हमारे जमीनी कार्यकर्ता भी इस दृढ़ विश्वास पर थे कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। जमीनी कार्यकर्ता हमसे पूछते थे कि वह कब बाहर आएंगे। उन्होंने कहा, अब केजरीवाल बाहर हैं। उन्हें बस इन लोगों तक पहुंचने और उन्हें मजबूती प्रदान करने की जरूरत है। लोगों को अभी भी उनसे बहुत उम्मीदें हैं।

पंजाब, झारखंड और महाराष्ट्र का भी दौरा करेंगे केजरीवाल

पार्टी सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल पंजाब का दौरा करके वहां के पदाधिकारियों से मिलकर विश्वास हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी ने हरियाणा में उनके रोडशो और रैली आयोजित करने की योजना बनाई है, इसके अलावा वह झारखंड और महाराष्ट्र भी जा सकते हैं, जहां इस साल के अंत तक चुनाव होने की संभावना है। आप सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल जम्मू कश्मीर में भी प्रचार कर सकते हैं, जहां पार्टी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article