Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर जनता की अदालत में जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल छह अक्टूबर रविवार को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में जनता की अदालत रैली को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से केजरीवाल की यह दूसरी बड़ी जनसभा होगी।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल मॉडल टाउन में स्थित छत्रसाल स्टेडियम में रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी कि दिल्ली की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत से जिताकर केजरीवाल को ईमानदारी का प्रमाणपत्र देगी।
15 सितंबर को केजरीवाल ने दिया था इस्तीफा
बता दें, अरविंद केजरीवाल ने 15 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें जनता की अदालत में जाने की जरूरत है। उन्होंने आबकारी नीति मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के दो दिन बाद यह घोषणा की थी। आप प्रमुख ने यह भी कहा कि फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों में दिल्लीवासियों से "ईमानदारी का प्रमाण पत्र" मिलने के बाद वह मुख्यमंत्री पद पर लौट आएंगे। बता दें, केजरीवाल ने 22 सितंबर को जंतर-मंतर पर अपनी पहली 'जनता की अदालत' रैली को संबोधित किया था। इसमें उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीति के बारे में पांच सवाल पूछे थे।
केजरीवाल ने छोड़ा मुख्यमंत्री आवास
सीएम पर से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सरकारी आवास भी छोड़ दिया है। उन्होंने आज से 5 फिरोजशाह रोड स्थित बंगले में शिफ्ट होना शुरू कर दिया है। यह बंगला आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस कदम की पुष्टि करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल 5, फिरोजशाह रोड स्थित पार्टी सांसद अशोक मित्तल को आवंटित बंगले में शिफ्ट होंगे। विशेष रूप से, सूत्रों के अनुसार, मित्तल ने खुद अरविंद केजरीवाल को अपने आवास में शिफ्ट होने का प्रस्ताव दिया था।
