देश

आंदोलन की कोख से आई AAP के पूरे हुए 12 सालः जज्बाती हुए केजरीवाल- मनीष, संजय साथ नहीं पर याद सताती है

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 26, 2023, 02:45 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) भारतीय इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है और यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

देश की राजधानी दिल्ली में समाजसेवी अन्ना हजारे के आंदोलन की कोख से निकलकर आने वाली आम आदमी पार्टी (आप) अपने 12 साल पूरे कर चुकी है। रविवार (26 नवंबर, 2023) को इस सियासी दल के स्थापना दिवस पर पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 11 बरस में उनकी पार्टी के खिलाफ 250 मामले दर्ज किए गए, पर उनके खिलाफ कोई भ्रष्टाचार नहीं मिला।

सीएम इस दौरान थोड़ा जज्बाती भी हुए और अपने करीबी सहयोगियों का जिक्र करते हुए बोले- यह आप का पहला ऐसा स्थापना दिवस है, जब मनीष सिसोदिया (दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और केजरीवाल के साथ शुरुआत से आप में साथ देने वाले), सत्येंद्र जैन (दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री), संजय सिंह (पार्टी नेता) और विजय नायर (पार्टी नेता) नहीं हैं। वे झूठे मामलों में जेल में बंद हैं। मुझे उनकी याद आती है। हालांकि, यह हम सब के लिए बहुत गर्व की बात है कि न वे टूटे और न ही उनके परिवार वाले। आप का एक-एक कार्यकर्ता देश को बचाने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने को तैयार है।

केजरीवाल ने आगे बताया, साल 2012 में आज ही के दिन हम सबने मिलकर आम आदमी पार्टी की स्थापना की थी। देश के हर आम आदमी और सभी आप कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप भारतीय इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है और यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से दो राज्यों में सरकार बनीं और दो और राज्यों में विधायक बने। आज देश के हर कोने में आप के कार्यकर्ता हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article