देश

AAP ने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव से सांसद संजीव अरोड़ा पर लगाया दांव, क्या केजरीवाल जाएंगे राज्यसभा?

लुधियाना के उद्योगपति अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। पिछले महीने आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट खाली हो गई थी।

Image

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव

Photo : PTI

Ludhiana West By-election: आम आदमी पार्टी (AAP) ने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। आप ने उद्योगपति व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा पर दांव लगाया है। आप ने बुधवार को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार घोषित किया। आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने एक्स पर एक पोस्ट में यह घोषणा की। उपचुनाव की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।

अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य

लुधियाना के उद्योगपति अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। पिछले महीने आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट खाली हो गई थी। गोगी की उनके लाइसेंसी हथियार से गलती से गोली चलने से घर पर मौत हो गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कहा कि उन्हें मैदान में उतारने के लिए वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं।

अरोड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, लुधियाना पश्चिम उपचुनाव लड़ने के लिए मुझ पर विश्वास जताने के लिए आप नेतृत्व के प्रति विनम्र और आभारी हूं। अपने गृहनगर से गहराई से जुड़े व्यक्ति के रूप में, मैं अपने लोगों की समर्पण और ईमानदारी के साथ सेवा करने के लिए तत्पर हूं।

क्या केजरीवाल जाएंगे राज्यसभा?

वहीं, सांसद अरोड़ा को मैदान में उतारने से कयास लग रहे हैं कि क्या अरविंद केजरीवाल राज्यसभा के जरिए संसद में प्रवेश करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा के हाथों हार मिली थी। ऐसे में केजरीवाल के अगले सियासी सफर पर अटकलें जारी हैं। कहा जा रहा है कि संजीव अरोड़ा की खाली सीट से केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इसका खंडन किया है।

अगर संजीव अरोड़ा की राज्यसभा सीट से अरविंद केजरीवाल उपचुनाव लड़कर ऊपरी सदन पहुंचते हैं तो वह अप्रैल 2028 तक पंजाब के सांसद रहेंगे। इससे पहले अरविंद केजरीवाल के भगवंत मान की जगह पंजाब के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें भी लगी थीं, अब नई कयासबाजी शुरू हो गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article